मोतीपुर (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग और कतर्नियाघाट फ्रेंड्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में मोगली विद्यालय में रविवार को बाघ सुरक्षा माह के तहत गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को संबोधित कर बाघ और वनों की सुरक्षा के लिए प्रेरित किया गया। अंत में छात्रों को मनोरंजन के उपकरण भी दिए गए।
मोतीपुर रेंज में स्थित मोगली विद्यालय परिसर में बाघ सुरक्षा माह के तहत गोष्ठी का आयोजन हुआ। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग और कतर्नियाघाट फ्रेंड्स क्लब के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभागीय वनाधिकारी यशवंत सिंह रहे। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डीएफओ ने कहा कि आप सभी हमारे देश के भविष्य हैं। इसलिए वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अपनी भूमिका निभाएं। लोगों को जागरूक करें। फ्रेंड्स क्लब के अध्यक्ष भगवानदास ने कहा कि स्वयं की तरह अपने घरों के सदस्यों व आसपास रहने वाले लोगों को वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण के लिए प्रेरित करें। बाघ सुरक्षा के तहत लोगों को पंपलेट वितरित किये गए। अंत में कतर्नियाघाट फ्रेंड्स क्लब की ओर से मोगली विद्यालय के छात्रों को कैरम बोर्ड, बैडमिंटन सेट व एक बॉक्स शटल प्रदान किया गया। इस मौके पर एसटीपीएफ के एसआई व स्कूल संचालक सतेंद्र कुमार, वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र मौर्या, डिप्टी रेंजर रामकुमार, क्लब सचिव राजीव श्रीवास्तव, मिथिलेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।