बहराइच। शहर के मोहल्ला बशीरगंज मोहल्ले में मंगलवार देर शाम एक निर्माणाधीन भवन की छत ढालने के दौरान शटरिंग ढह जाने से पांच श्रमिक घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इनमें एक श्रमिक की हालत गंभीर बनी हुई है।
कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि बशीरगंज निवासी वसीउल्लाह मोहल्ले में मैरिज लॉन का भवन बनवा रहे थे। इसकी छत का निर्माण कराते समय मंगलवार शाम करीब चार बजे अचानक शटरिंग ढह जाने से सीमेंट, गिट्टी, बालू व सरिया के साथ पांच श्रमिक भी नीचे गिर गए। हादसे में फतेहपुर निवासी राममनोज कुमार श्रीवास्तव (30), रामपुर के कन्हई लाल (45), संगम पुरवा श्रावस्ती के झुलसे (28), सूरज अलीपुरवा निवासी रामनिवास (25) व इसी गांव के विक्रम यादव (26) घायल हो गए। इन सभी का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। झुलसे की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, अन्य श्रमिकों को कम चोटें आई हैं।