बहराइच। कृषि कानून समेत अन्य मांगों को लेकर सोमवार को प्रगतिशील समाजवादी के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को आठ सूत्री ज्ञापन भेजकर कृषि कानून को वापस लेने की मांग की।
प्रसपा के जिलाध्यक्ष मोहम्मद वसीम की अगुवाई कार्यकर्ता पार्टी के जिला कार्यालय पर एकत्रित हुये। यहां से उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुये जुलूस निकाकर कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने को संबोधित करते हुये पार्टी जिलाध्यक्ष वसीम ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कृषि कानून को लाकर देश के किसानों को छलने का कार्य किया है। धरने के बाद पदाधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपकर कहा कि कृषि कानून वापस लिया जाए। बेरोजगारों को रोजगार, किसानों को खाद्य व रसद सामग्री कम दामों में उपलब्ध कराने, पेट्रोल डीजल के दामों को कम किये जाने आदि की मांग की। इस मौके पर प्रदेश सचिव सिद्धनाथ यादव, अमित यादव, वकार मेकरानी, मौलाना मोहसिनरजा, निर्मल मिश्रा, सलमान खान, इसरार अहमद आदि मौजूद रहे।