UP News: तालाब में मिला लापता बालिका का शव, खेलते समय गायब हो गई थी बालिका; परिजनों ने दर्ज कराया था केस
बहराइच में लापता बालिका का शव तालाब में मिला। खेलते समय बालिका गायब हो गई थी। मामले में परिजनों ने केस दर्ज कराया था।
विस्तार
यूपी के बहराइच में खेलते समय लापता हुई एक चार वर्षीय बालिका का शव बुधवार की शाम घर के पास स्थित तालाब से मिला। शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के अलीनगर खुर्द का है। यहां की निवासी आफरीन (4) मंगलवार की शाम घर के पास खेल रही थी लेकिन रात तक घर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव में सब जगह ढूंढने के बाद भी जब बालिका नहीं मिली तो आफरीन के चाचा मतीन खां ने इसकी शिकायत थाने पर की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की।
तालाब का पानी कम करने के बाद तलाश शुरू की गई
बुधवार की सुबह डूबने की आशंका में पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तालाब में बालिका की तलाश करवाई लेकिन शव नहीं मिला। दिन भर तलाश के बाद शाम को एक बार फिर सीओ प्रद्युम्न सिंह की मौजूदगी में पंपिंग सेट से तालाब का पानी कम करने के बाद बालिका की तलाश शुरू की गई।
परिजनों में कोहराम मच गया
तलाशी के दौरान बालिका का शव तालाब से बरामद हुआ। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया दिया। इस दौरान थाना प्रभारी शीला यादव, प्रधान कैलाश नाथ वर्मा आदि मौजूद रहे।