{"_id":"6a47d326a1f9671def0146e5","slug":"bahraich-retired-bank-employee-cyber-cheated-of-rs-14-16-lakh-these-are-the-tactics-used-by-the-fraudsters-2026-07-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bahraich: सेवानिवृत्त बैंककर्मी से 14.16 लाख की साइबर ठगी, इन हथकंडों का इस्तेमाल करते हैं ठग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bahraich: सेवानिवृत्त बैंककर्मी से 14.16 लाख की साइबर ठगी, इन हथकंडों का इस्तेमाल करते हैं ठग
Fri, 03 Jul 2026 08:50 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya
अमर उजाला नेटवर्क, बहराइच
अमर उजाला नेटवर्क, बहराइच
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Fri, 03 Jul 2026 08:50 PM IST
सार
साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। ठगों ने खुद को ब्रोकर बताकर बैंककर्मी को फंसाया और 14 लाख रुपये से ज्यादा ठग लिए।
विज्ञापन
- फोटो : amar ujala
विस्तार
शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने शहर के एक सेवानिवृत्त बैंककर्मी से 14 लाख 16 हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर खुद को शेयर बाजार का ब्रोकर बताया और अधिक लाभ का भरोसा देकर कई चरणों में रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। जब न लाभ मिला और न ही मूलधन वापस हुआ तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित की तहरीर पर देहात कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
विज्ञापन
देहात कोतवाली के मोहल्ला घसियारीपुरा निवासी सेवानिवृत्त बैंक कर्मी रामआसरे शुक्ल ने पुलिस को बताया कि 10 नवंबर 2025 को सोशल मीडिया के माध्यम से गुजरात के अंगड़िया, पालनपुर निवासी मनीष, विवेक और राजू से संपर्क हुआ। तीनों ने खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ और ब्रोकर बताते हुए कम समय में अधिक लाभ दिलाने का दावा किया। भरोसा जीतने के बाद उन्होंने अलग-अलग खातों में कई किस्तों में कुल 14.16 लाख रुपये जमा करा लिए।
विज्ञापन
पीड़ित के अनुसार ठग समय-समय पर निवेश बढ़ने का झूठा ब्यौरा भी भेजते रहे। तय समय बीतने के बाद जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो पहले टालमटोल की गई और बाद में सभी ने फोन रिसीव करना ही बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने देहात कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
विज्ञापन
थाना प्रभारी दद्दन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ साइबर ठगी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। लेन-देन और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। सर्विलांस टीम की मदद से ठग युवकों का पता लगाकर शीघ्र ही संबंधित जिलों की पुलिस से संपर्क साधकर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
ऐसे फंसाते हैं साइबर ठग
- सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या टेलीग्राम पर संपर्क करते हैं।
- खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ या निवेश सलाहकार बताते हैं।
- शुरुआत में अधिक मुनाफे का लालच देकर भरोसा जीतते हैं।
- फर्जी ऐप, वेबसाइट या स्क्रीनशॉट दिखाकर निवेश बढ़ता हुआ बताते हैं।
- बार-बार अलग-अलग खातों में रुपये जमा कराते हैं।
- पैसा वापस मांगने पर बहाने बनाते हैं और अंत में फोन बंद कर देते हैं।
ऐसे करें बचाव
- सोशल मीडिया पर मिले किसी भी निवेश प्रस्ताव पर तुरंत भरोसा न करें।
- केवल अधिकृत और पंजीकृत निवेश सलाहकार के माध्यम से ही निवेश करें।
- अनजान व्यक्ति के बताए बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर न करें।
- किसी भी निवेश से पहले कंपनी और सलाहकार की सत्यता की जांच करें।
- लालच देने वाले गारंटीड मुनाफा या कम समय में दोगुना पैसा जैसे दावों से सावधान रहें।
- ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।