फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bahraich News ›   bahraich

महिला बीडीसी के अपहरण का विरोध करने पर जेठ की हत्या, भाजपा प्रत्याशी के पति समेत चार गिरफ्तार

Fri, 09 Jul 2021 11:33 PM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Fri, 09 Jul 2021 11:33 PM IST
विज्ञापन
bahraich
बहराइच। दीनापुरवा गांव में बृहस्पतिवार की रात महिला बीडीसी सदस्य के अपहरण की कोशिश हुई। इसका विरोध करने पर उसके जेठ की बंदूक की बट से पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। कुछ ही देर में पूरा गांव इकट्ठा हो गया। बंदूक लहराते हुए आरोपी गांव से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए थानाध्यक्ष ने सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पर एसपी, एएसपी ग्रामीण व सीओ दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन

एसपी ने परिजनों को सांत्वना देते हुए न्याय का भरोसा दिलाया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा की ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी के पति समेत चार नामजद व छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया। एसपी ने सभी आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई करने की बात कही है। प्रकरण का मुख्य आरोपी भाजपा प्रत्याशी का पति बताया जा रहा है। उसके साथ मौजूद गनर की भूमिका भी संदिग्ध है। गांव वालों का आरोप है कि गनर ने भूमिका की पारदर्शिता से जांच होनी चाहिए। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
विज्ञापन

जिले में ब्लॉक प्रमुख का चुनाव शनिवार को होना है। मतदान के पहले ही जिले में हिंसक घटनाएं सामने आने लगी हैं। ब्लॉक प्रमुख का चुनाव जीतने के लिए प्रत्याशी व उनके परिजन हर हथकंडा अपनाने पर उतारू हैं। शिवपुर ब्लॉक से भाजपा की प्रत्याशी सरिता यज्ञसैनी हैं। वह प्रबल दावेदार हैं। खैरीघाट थाना क्षेत्र के दीनापुरवा गांव निवासी यदुराई देवी पत्नी सुंदर लाल बीडीसी सदस्य हैं। भाजपा प्रत्याशी के पति सुधीर यज्ञसैनी को आशंका थी कि बीडीसी सदस्य यदुराई देवी किसी दूसरे प्रत्याशी को वोट दे सकती हैं। वह बृहस्पतिवार रात अपने गनर और समर्थकों के साथ बीडीसी सदस्य के घर पहुंच गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रात लगभग दो बजे गांव में पहुंचने के बाद भाजपा प्रत्याशी के पति ने घर में घुसकर महिला बीडीसी सदस्य का अपहरण करने की नीयत से परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी तभी सो रहे सभी परिजन जाग गए। आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी के पति अपने साथ मौजूद गनर की हनक दिखाते हुए महिला बीडीसी को साथ ले जाने लगे जिसका विरोध उनके जेठ मायाराम पुत्र बराती ने किया। यह विरोध सत्ता के नशे में चूर भाजपा प्रत्याशी के पति को नागवार गुजरा। आरोप है कि उसने बंदूक की बट व नाल से मायाराम की पिटाई कर हत्या कर दी गई। घटनास्थल पर ही बीडीसी सदस्य के जेठ की मौत हो गई।
मौत होते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण एकत्रित होने लगे। मामला बिगड़ता देख भाजपा प्रत्याशी के पति अपने समर्थकों व गनर को लेकर मौके से बंदूक को लहराते हुए फरार हो गए। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना पर खैरीघाट थानाध्यक्ष विमलेश सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। गांव का माहौल काफी गरम था। लोगों की आंखों में आक्रोश भरा था। थानाध्यक्ष ने तत्काल घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पर एसपी सुजाता सिंह, एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार व सीओ महसी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
एसपी ने परिजनों से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। मृतक के छोटे भाई रामसागर लोधी की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी के पति सुधीर यज्ञसैनी समेत चार नामजद व छह अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने नामजद भाजपा प्रत्याशी के पति सुधीर यज्ञसैनी, गनर जितेंद्र, रामभुलावन शुक्ला व परमलेश जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में तीन थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है। एएसपी ग्रामीण मौके पर बने हुए हैं।
शिवपुर ब्लॉक प्रमुख की दावेदार सरिता यज्ञसैनी को सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन की ओर से गनर मुहैया कराया गया था, लेकिन गनर का दुरुप्रयोग उनके पति सुधीर यज्ञसैनी कर रहे थे। वह महिला बीडीसी का अपहरण करने गए तो भी गनर को साथ ले गए। चर्चा है कि बीडीसी सदस्य के हमले के दौरान गनर ने भी काफी अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, पुलिस ने हर बिंदु पर जांच करने की बात कही है।
भाजपा प्रत्याशी के पति सुधीर यज्ञसैनी जिला पंचायत के चुनाव में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। वह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़े थे, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया और वह हार गए थे। इस बार वह अपनी पत्नी को जितवाने के लिए हर हथकंडा अपना रहे थे। नतीजतन उनके ऊपर मुकदमा दर्ज हो गया और वह गिरफ्तार हो गए।

खैरीघाट थाना क्षेत्र के दीनापुरवा गांव की घटना को गंभीरता से लिया गया है। पूरे प्रकरण में भाजपा प्रत्याशी के पति समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई की जाएगी। नामजद चारों आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
सुजाता सिंह, एसपी, बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed