फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bahraich News ›   व्यवसायी की हत्या के विरोध में बहराइच बंद

व्यवसायी की हत्या के विरोध में बहराइच बंद

Fri, 24 Jan 2014 05:47 AM IST
Bahraich
Bahraich Updated Fri, 24 Jan 2014 05:47 AM IST
विज्ञापन
बहराइच। दवा व्यवसायी की मंगलवार रात हुई हत्या के विरोध में बुधवार को बहराइच बंद रहा। व्यापारी सड़क पर उतर आए और हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शहर से कस्बों तक प्रदर्शन हुआ। दवा व्यवसायियों ने छावनी चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसपी के कार्रवाई के आश्वासन पर लोग शांत हुए। डिगिहा तिराहे पर भी प्रदर्शन के कारण घंटों जाम लगा रहा। व्यापारियों ने मंगलवार रात जिला अस्पताल के इमरजेंसी में ड्यूटी से नदारद रहे डॉक्टर के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। दोपहर बाद व्यवसायी किसी तरह से माने और जाम हटाया। पूरा इलाका छावनी में तब्दील रहा।
विज्ञापन

दरगाह शरीफ थाना अंतर्गत मोहल्ला गुलामअलीपुरा निवासी दवा व्यवसायी अजय गोयल उर्फ अज्जू उर्फ रामरतन अग्रवाल मंगलवार रात 9:30 बजे के आसपास सिद्धनाथ मंदिर में दर्शन कर व्यावसायिक कामकाज निपटाने के बाद अपने मुनीम करीम के साथ घर लौट रहे थे। छावनी बाजार में पंजाब नेशनल बैंक के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनको गोली मार दी। हथगोला भी फेंका था। हमले में अजय गोयल और करीम दोनों घायल हुए। आसपास के लोगों ने आननफानन दोेनों को जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन यहां इमरजेंसी से डॉक्टर नदारद थे। थोड़ी देर बाद चिकित्सक पहुंचा और इलाज शुरू किया तो अजय ने दम तोड़ दिया। इस पर दवा व्यवसायी के समर्थक और परिवारीजन भड़क उठे। रात ढाई बजे तक अफरातफरी रही। पीएसी ने पुलिस के साथ पहुंचकर किसी तरह हालात को काबू में किया। जिलााधिकारी के निर्देश पर रात में ही शव का पोस्टमार्टम हुआ।
विज्ञापन

घटना से भड़के दवा व्यवसायी बुधवार सुबह अपनी दुकानें बंद कर सड़क पर उतर आए। इसके बाद जो दुकानें खुलीं थीं, उन्हें भी बंद करा दिया। सुबह 10 बजे व्यापारियों ने डिगिहा तिराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। यहां व्यापारी नेता सुशील माहेश्वरी नूतन, गुरुशरन सिंह छाबड़ा, भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश्वर सिंह, अक्षयवरलाल गोंड, प्रदेश मंत्री अनुपमा जायसवाल, विधायक मुकुटबिहारी वर्मा आदि भी पहुंच गए। 12 बजे तक प्रदर्शन चला। उधर, श्यामकरन टेकड़ीवाल की अगुवाई में छावनी चौराहे पर भी लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। दोपहर 1:30 बजे के आसपास दवा व्यवसायी का शव रखकर व्यापारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे पुलिस अधीक्षक मोहित गुप्ता ने हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी करने समेत सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया, तब लोग शांत हुए। दो बजे के आसपास दवा व्यवसायी का शव त्रिमुहानीघाट ले जाया गया। शहर के प्रमुख दो चौराहों पर व्यापारियों के प्रदर्शन के चलते पूरे शहर की यातायात व्यवस्था चरमराई रही। घंटों जाम लगा रहा, जिससे लोगों को काफी दिक्कतें हुईं। पूरे जिले में दवा की दुकानें बंद रहने के कारण निजी चिकित्सकों के यहां इलाज करा रहे लोगों को बुखार, खांसी, जुकाम की एक गोली के लिए भटकना पड़ा। वहीं, अन्य दुकानें बंद रहने से लोग चाय-पानी को भी तरसे। प्रदर्शन के दौरान उद्योग व्यापार मंडल के सईद अहमद, ड्रस एसोसिएशन शीतल प्रसाद अग्रवाल, अनुज केडिया, विवेक, दीपक, श्याम, संजय समेत काफी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

वहीं, नानपारा में ड्रग एसोसिएशन के अध्यक्ष वीके श्रीवास्तव की अगुवाई में दवा व्यवसायी की हत्या के विरोध में दुकानें बंद रहीं। नगर में बाइक से जुलूस निकालकर एसडीएम गिरीश कुमार को ज्ञापन सौंपा गया। फखरपुर में व्यापार मंडल अध्यक्ष हसीब अहमद व केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष वीआर गुप्ता की अगुवाई में बीडीओ और एसओ को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान राजकरन, रियाज, तिलक आदि मौजूद रहे। कैसरगंज में मेडिकल एसोसिएशन अध्यक्ष उम्मेद सिंह की अगुवाई में प्रदर्शन कर व्यापारियों ने दुकानें बंद रखीं। रुपईडीहा में मेडिकल एसोएिशन अध्यक्ष डॉ. सनद कुमार शर्मा की अगुवाई में एसओ को ज्ञापन सौंपा गया। ड्रग एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शीतल प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि बहराइच ही नहीं पूरे मंडल में दवा कारोबार पूरी तरह ठप रहा। उन्होंने कहा कि गुरुवार को बी दवाकी दुकानें बंद रहेंगी।
तीन टीमें गठित, दो हिरासत में
पुलिस अधीक्षक मोहित गुप्ता ने बताया कि दवा व्यवसायी अजय गोयल की हत्या के खुलासे के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। दरगाह थानाध्यक्ष, क्राइम ब्रांच व सर्विलांस और कोतवाली नगर व कोतवाली देहात के नेतृत्व में बनाई गई टीम जांच में जुटी है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनके इस वारदात से जुड़े होने की संभावना है।
घटनास्थल पर सुबह मिला जिंदा हथगोला, रिपोर्ट दर्ज
दरगाह थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि दवा व्यवसायी की हत्या के मामले में हत्या व लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसओ ने बताया कि घटनास्थल से बुधवार सुबह एक जिंदा हथगोला बरामद हुआ है। उसे कब्जे में लेकर निष्क्रिय कर दिया गया है। बरामद बाइक भी सीज कर दी गई है।
रुपयों भरा झोला बचा
व्यवसायी अजय गोयल के साथ बाइक पर सवार मुनीम करीम ने बताया कि हमलावर लूट के इरादे से ही आए थे। बाइक पर दो झोले टंगे थे, इनमें एक झोले में प्रसाद था, जबकि दूसरे झोले में काफी नकदी थी। बदमाशाें ने गोली मारने के बाद एक झोला भी छीन लिया था लेकिन संयोग से उस झोले में प्रसाद था।
लखनऊ से चोरी की थी बाइक
दवा व्यवसायी की हत्या के खुलासे को लेकर पुलिस की एक टीम लखनऊ रवाना हुई थी। टीम ने लखनऊ पहुंचकर एआरटीओ कार्यालय में संपर्क कर हत्या आरोपियों द्वारा प्रयुक्त बाइक की पड़ताल की तो वह चोरी की निकली है। पुलिस अधीक्षक मोहित गुप्ता ने बताया कि बाइक लखनऊ से फरवरी में चोरी हुई थी, जिसका मुकदमा भी दर्ज है। उन्होंने बताया कि टीमों को कुछ सुराग हाथ लगे हैं।

छात्राें और 'आप' का भी प्रदर्शन
दवा व्यवसायी की हत्या के मामले में छात्र नेता नीरव प्रताप सिंह की अगुवाई में छात्रों ने बाजार में प्रदर्शन कर नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान आकर्ष जायसवाल, कार्तिकेय मिश्रा, पंकज पांडे, सौमित्र सिंह, शिवेंद्र, जेपी यादव, दुर्गेश, नितिन आदि मौजूद रहे। उधर, आम आदमी पार्टी की मीडिया प्रभारी संतोष कुमारी रस्तोगी ने बताया कि जिला संयोजक केके शर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। 24 घंटे में हत्यारोपियों के गिरफ्तारी की मांग की गई। मालूम हो कि छावनी बाजार पर आप कार्यकर्ता जब पहुंचे तो वहां व्यापारियों ने कार्यकर्ताओं से मामले में राजनीति न करने की बात कही।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed