{"_id":"131-46710","slug":"Bahraich-46710-131","type":"story","status":"publish","title_hn":"छेड़छाड़ की शिकायत करने पर पड़ोसी ने गोली मारकर ली जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
छेड़छाड़ की शिकायत करने पर पड़ोसी ने गोली मारकर ली जान
Bahraich
Updated Fri, 16 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
खैरीघाट (बहराइच)। खैरीघाट थानाक्षेत्र के एकघरवा गांव में पत्नी के साथ हुई छेड़छाड़ की शिकायत करने गए ग्रामीण पर पड़ोसी ने फावड़े से हमला कर दिया। इसके बाद अवैध बंदूक से फायर झोंक दिया। मौके पर ही ग्रामीण की मौत हो गई। घटनास्थल की ओर दौडे़ ग्रामीणों पर भी हमलावरों ने दो चक्र फायरिंग की। दो ग्रामीण छर्रा लगने से घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया है। चार हमलावरों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हत्या में प्रयुक्त बंदूक पुलिस ने बरामद कर ली है। खैरीघाट थाना अंतर्गत एकघरवा गांव निवासी चौधरी(40) पुत्र रफीक और गांव निवासी ओमप्रकाश पुत्र राधेश्याम के मकान गांव में आमने-सामने है। बुधवार सुबह चौधरी की पत्नी राजिया बेगम घर से शौच के लिए निकली थी। इसी दौरान पीछे से ओमप्रकाश भी खेत में पहुंच गया। वहां उसने राजिया के साथ छेड़छाड़ की। किसी तरह राजिया भागकर घर पहुंची। उसने पति को मामले से अवगत कराया। घटना से क्षुब्ध चौधरी ने ओमप्रकाश के घर पहुंचकर शिकायत की। इसी बात को लेकर दोनो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। ओमप्रकाश पक्ष के आधा दर्जन लोग भी मौके पर आ गए। कहासुनी के दौरान ही ओमप्रकाश ने चौधरी पर फावड़े से हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर चौधरी का भाई झुर्रा और गांव के ही सम्मारी पुत्र दीनदयाल उसे बचाने दौडे़। इस पर ओमप्रकाश घर में रखी बंदूक उठा लाया। और उसने चौधरी पर ताबड़तोड़ तीन चक्र फायरिंग की। चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छर्रे लगने से झुर्रा और सम्मारी घायल हुए हैं। फायरिंग की आवाज सुनकर जब गांव के अन्य लोग दौड़े तो हमलावर घर में घुस गए। ग्रामीणों ने बाहर से घर में कुंडी लगाकर पुलिस को सूचना दी। एसपी जीपी कनौजिया, एएसपी विजय यादव, सीओ असलम खान और खौरीघाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी ने बताया कि चौधरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है जबकि दो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चौधरी के भाई झुर्रा की तहरीर पर ओमप्रकाश समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हमलावर ओमप्रकाश, राधेश्याम, निरंजन और वीरेंद्र कुमार को मौके से गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त अवैध बंदूक भी घर के पीछे लकड़ी के ढेर से बरामद की गई है।
विज्ञापन