Baghpat: जिसकी हत्या का मुकदमा दर्ज कराया, वह जिंदा लौट आया, झूठा मुकदमा दर्ज कराने वालों पर होगी कार्रवाई
बागपत जनपद के अमीनगर सराय में इब्राहिमपुर गांवड़ी गांव में रंजिश में पड़ोसियों को फंसाने के लिए जिसकी हत्या का मुकदमा दर्ज कराया, वह जिंदा लौटा तो गांव वाले हैरान रहे गए। अब झूठा मुकदमा दर्ज कराने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
बागपत जनपद के अमीनगर सराय में इब्राहिमपुर गांवड़ी गांव में रंजिश में पड़ोसियों को फंसाने के लिए जिसकी हत्या का मुकदमा सिंघावली अहीर थाने में दर्ज कराया गया था, अब वह जिंदा लौट आया। उसे हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुट गई है और अब हत्या का फर्जी मुकदमा दर्ज कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इब्राहिमपुर गांवड़ी गांव की रहने वाली रीता ने अप्रैल 2023 में गांव के ही वेदप्रकाश व अन्य के खिलाफ वर्ष 2018 में पति योगेंद्र उर्फ बूचा का अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया था। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने वेदप्रकाश व अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी।
योगेंद्र उर्फ बूचा ने बताया कि वेदप्रकाश के परिवार से चल रही रंजिश का बदला लेने और उन्हें फंसाने के लिए हत्या के झूठे मुकदमे की साजिश रची गई, जिसके बाद से वह दिल्ली के रोहिणी में रह रहा था।
वेदप्रकाश के परिवार से 2018 में हुआ था झगड़ा, तब हुआ गायब
पुलिस के अनुसार वर्ष 2018 में वेदप्रकाश के परिवार के साथ योगेंद्र के परिवार से झगड़ा हुआ था। जिसमें वेदप्रकाश की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया था और उसमें योगेंद्र उर्फ बूचा भी आरोपी था। पुलिस का कहना है कि तभी से योगेंद्र गांव से गायब हो गया था और वह दिल्ली के रोहिणी में रहने लगा था।
पुलिस ने उस मुकदमे में कुर्की के आदेश भी कराए और कुर्की भी कर ली। उसके बाद भी वह वापस नहीं लौटा। उस मामले में किसी भी तरह से समझौता नहीं होने पर वेदप्रकाश पक्ष के खिलाफ अप्रैल 2023 में हत्या का मुकदमा कराया गया। अब पुलिस को कुछ अहम जानकारियां मिलने पर उसको वापस बुलाने के लिए परिवार पर दबाव बनाया गया तो वह लौटकर आया।
वर्जन
झूठा मुकदमा दर्ज कराने वालों पर कार्रवाई होगी
एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इब्राहिमपुर गांवड़ी गांव के व्यक्ति की हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसे जिंदा बरामद कर लिया गया है। रंजिश में विपक्षी को फंसाने के लिए हत्या की फर्जी साजिश रची गई थी। इस मामले में पुलिस को गुमराह करने और फर्जी मुकदमा दर्ज कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।