बागपत। बुधवार की सुबह हुई झमाझम बारिश ने एक बार फिर शहर में जलभराव के रूप में मुसीबत खड़ी कर दी। सबसे ज्यादा हालात खराब रहे सिसाना गांव में गुजर रहे दिल्ली-यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर। हाईवे पर दो से तीन फुट तक जलराव हो गया। पानी के बीच से निकलने पर अधिकतर वाहन बंद हो गए। लोगों को धक्का लगाकर अपने वाहनों को पानी के बीच से निकालना पड़ा।
बुधवार सुबह को अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। उसके बाद कई घंटे तक लगातार बारिश होती रही, जिसने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी। मगर, नेशनल हाईवे पर सिसाना में फिर दो से तीन फुट तक पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों के लिए परेशानी बढ़ गई। वाहन पहुंचकर पानी भरने से बंद होते रहे और यह सिलसिला बुधवार दोपहर तक चलता रहा। दोपहर तक करीब 100 से ज्यादा वाहन बंद हो गए, जिनको वाहन चालकों को धक्का लगाकर पानी से निकालना पड़ा। ई-रिक्शा, बाइक भी पानी में बंद हो गए तो बाइक पर परिजनों के साथ जा रही महिलाओं को भी पानी में उतरकर वाहनों को धक्का लगाना पड़ा। इस तरह नेशनल हाईवे पर बुधवार को वाहन चालकों के लिए दिनभर परेशानी बनी रही।