दोघट। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर दाहा और भड़ल गांव के बीच गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। जिससे मार्ग पर हादसे बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने समस्या का समाधान कराने के लिए मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।
दाहा और भड़ल गांव के बीच बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर सड़क में एक ही जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। गड्ढों में जलभराव होने के कारण लोगों को मार्ग से सफर करने में परेशानी हो रही है और मार्ग पर हादसे भी बढ़ रहे है। मार्ग पर गड्ढों के कारण सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो चुकी है।
मार्ग पर बड़ौत से लेकर बुढ़ाना सौ से भी ज्यादा गड्ढे है। इसके अलावा छह माह पूर्व दोघट से किशनपुर बिराल तक बनाई गई सड़क में भी गड्ढे हो गए है। ग्रामीण मिंटू सहरावत, जगपाल सिंह, शैलेंद्र राणा, विकास राणा का कहना है कि कई बार मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।