दो युवकों को जमकर पीटा
बालैनी निवासी एक व्यक्ति बिजली चोरी के मामले में जेल में बंद था। मंगलवार को उसकी जमानत हो गई। उसके दो बेटे बाइक पर सवार शाम करीब सात बजे अब्दुल्लापुर स्थित जेल लेने पहुंचे, लेकिन उनसे पहले ही उनके पिता जा चुके थे। वापसी में अंधेरा होने के कारण दोनों युवक रास्ता भूल गए। सुभानपुर के निकट एक दुकानदार से उन्होंने रास्ता पूछ लिया। पुलिस ने बताया दोनों बाइक सवारों के मुंह लपेटे होने के कारण सुभानपुर के युवकों ने उन्हें बदमाश समझकर गांव में कॉल कर दी। सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गई। दोनों युवकों की घेरकर पिटाई की। भनक लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ श्वेताभ पांडेय ने बताया पुलिस ने दोनों युवकों के बयान को बालैनी पुलिस और जेल से तस्दीक किया तो वह सही थे। ग्रामीणों ने मुंह लपेटे होने के कारण उन्हें बदमाश समझ लिया था। दोनो युवकों का मेडिकल कराया जाएगा। जेल अधीक्षक मिजाजी लाल यादव ने कहा जेल से कुछ दूर मारपीट हुई थी।
दुकानदार ने कहा, उससे लूट हुई
सुभानपुर गांव के दुकानदार ने कहा उससे पांच हजार रुपये लूटे गए थे। इस कारण उसने गांव में कॉल की। इसके बाद दोनों को पीटा गया। उधर, युवकों ने कहा अगर वह लूट करते तो मौके से भाग जाते। पुलिस ने कहा सब कुछ गलतफहमी में हुआ है।
जेल में झगड़े की फैल गई अफवाह
मारपीट के बाद जेल में झगड़े की अफवाह फैल गई। एसपी पूनम ने कहा जेल मेें किसी तरह का झगड़ा नहीं हुआ है।