घर में फेंका धमकी भरा पत्र: 'तुझे समझा रहे है, मान जा नहीं तो जान से मरवा देंगे', दहशत में परिवार
Baghpat News : मां वैष्णो सोशल वैलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष के घर पर धमकी भरा पत्र फेंका गया है। पत्र में लिखा है कि तुझे समझा रहे है, मान जा नहीं तो जान से मरवा देंगे।
विस्तार
बागपत में मां वैष्णो सोशल वैलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष को पत्र में धमकी दी गई है। पत्र में लिखा है कि बोबी तुझे समझा रहे है, मान जा, नहीं तो तेरे लिए अच्छा नहीं होगा। तुझे जान से मरवा देंगे। उधर, जान से मारने की धमकी मिलने से परिवार भी दहशत में है। इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी गई है। आरोप है कि तहरीर के बाद भी कोतवाली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
दरअसल, नगर निवासी सुनील कुमार गुप्ता उर्फ बोबी मां वैष्णो सोशल वैलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष है। शुक्रवार को जब परिवार के लोग सो कर उठे तो उन्हें मकान की छत पर एक ईंट के टुकड़े से लिपटा एक पत्र मिला। सुनील के बेटे शुभम व उनकी पत्नी ने पत्र खोलकर पढ़ा तो उसमें धमकी दी गई थी। जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। घर पर मौजूद सुनील कुमार गुप्ता ने भी पत्र पढ़ा।
वहीं, पत्र में जान से मारने की धमकी पढ़कर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि सूचना के बाद भी पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इस दौरान सोसायटी के अन्य पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और सुनील कुमार गुप्ता को लेकर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने तहरीर दी है।
सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि पत्र में लिखा था कि बोबी तुझे समझा रहे है, मान जा नहीं तो तेरे लिए अच्छा नहीं होगा। घर के बाहर खड़ी गाड़ी को हटा ले, नहीं तो तुझे जान से मरवा देंगे।
यह भी पढ़ें: मेरठ के सरधना में बड़ी वारदात: छात्र की सरेआम गोली मारकर हत्या, सगे भाइयों ने दिया वारदात को अंजाम
इस मामल में सीओ सविरत्न गौतम का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है, जिसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। बिना वजह परिवार न डरे, गलत व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: आयकर विभाग की छापेमारी: आजम खां के करीबी के घर दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी, टीम की बिरयानी खाते तस्वीर वायरल