बागपत में भाजपा पर बरसे असदुद्दीन ओवैसी: कहा- बंदूकें मुझे नहीं रोक सकतीं, एक ओवैसी मारा जाएगा तो दूसरा पैदा हो जाएगा
पिलखुवा में हुए हमले को लेकर एआईएमआईएम चीफ असुद्ददीन ओवैसी ने कहा, बंदूकें मुझे रोक नहीं सकती हैं। उन्होंने यूपी की कानून व्यवस्था पर जमकर सवाल दागे।
विस्तार
पिलखुवा में हुए हमले को लेकर एआईएमआईएम चीफ असुद्ददीन ओवैसी ने कहा, बंदूकें मुझे रोक नहीं सकती हैं। उन्होंने यूपी की कानून व्यवस्था पर जमकर सवाल दागे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ऐतिहासिक स्थल हस्तिनापुर को रेलवे लाइन तक नहीं दे सकी है। सामाजिक न्याय के नाम पर जनता को धोखा दिया गया है। डबल इंजन की सरकार यूपी के लिए नाकाम साबित हुई है।
लोकसभा सांसद ने शनिवार को कहा कि जिन्होंने उनके वाहन पर गोलियां चलाईं, ये वे लोग थे जिन्होंने महात्मा गांधी को मारा। एआईएमआईएम प्रमुख ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में अपनी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार किया। ओवैसी ने मंच से गरजते हुए कहा कि मेरी कार पर हमला किया गया, चार राउंड गोलियां चलाई गईं। जिन लोगों ने उनके वाहन पर गोलियां चलाईं, उन्होंने गांधी की हत्या की।
ओवैसी ने कहा कि मैं लोगों के अधिकारों के बारे में बात करता हूं, इसलिए गोली चलाई गई। मैं मुसलमानों की बात करता हूं, इसलिए गोली चलाई गई। जब मैं संविधान के दायरे में बात करता हूं, तो ये इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते। इन्हें लगता है कि उनकी गोलियां मेरी आवाज को खामोश कर देंगी। मैं बता दूं कि यदि एक ओवैसी मारा जाएगा, तो मेरे जैसे लाखों ओवैसी पैदा हो जाएंगे।
जेड श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराने के केंद्र के फैसले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह जेड सुरक्षा नहीं लेंगे और अगर गरीबों को सुरक्षा मिलती है तो यही उनकी सुरक्षा होगी। उन्होंने कहा मुझे सुरक्षा नहीं चाहिए, मुझे हिस्सा चाहिए। भारत के मुसलमानों और गरीबों को ए श्रेणी का नागरिक बनाएं।
नागरिकता संशोधन विधेयक पर चुप्पी साधने के लिए ओवैसी ने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल को भी जमकर घेरा। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा, 'अखिलेश अल्पसंख्यक नेताओं को एमएलसी और राज्यसभा का लॉलीपॉप दिखा रहे हैं, जिन्हें कहीं भी टिकट नहीं मिल रहा है। मैं उन नेताओं को सचेत कर रहा हूं कि अखिलेश यादव विश्वासघात करेंगे'।
यह भी पढ़ें : UP Chunav 2022: सात जनवरी को बिजनौर में जनसभा करेंगे पीएम मोदी, तैयारियों में जुटे रहे अफसर
वायरल हुआ था हमले का वीडियो
गाजियाबाद में ओवैसी पर फायरिंग के दौरान का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। वीडियो में साफ दिख रहा था कि एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी की कार पर दो अज्ञात युवकों ने गुरुवार की दोपहर गोलियां चलाईं। सबसे पहले ओवैसी ने ट्वीट कर इस घटना की जानकारी दी। घटना दिल्ली.लखनऊ एक्सप्रेसवे के छिजारसी टोल प्लाजा पर हुई।
पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। इसका वीडियो भी अब तेजी से वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज में दो हमलावर दिखे थे। एक ने लाल रंग की हुडी पहन रखी थी और एक ने सफेद शर्ट पैंट पहना था। ओवैसी के काफिले की एक गाड़ी के धक्के से लाल हुडी पहने हमलावर घायल भी हुआ था।