बड़ौत। चोरों ने रविवार देर रात्रि कोतवाली के पीछे स्थित नगर की पट्टी चौधरान में ओरियंटल इंश्योरेंस कंपनी के इंचार्ज के घर को निशाना बनाया। चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान से 1.55 लाख रुपये समेत तकरीबन दस लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। वहीं, पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस संबंध में पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम सांकरौद निवासी मनीष पुत्र देवेंद्र सिंह कोतवाली के पीछे स्थित पट्टी चौधरान में पूर्व चेयरमैन मगेंद्रपाल के मकान में परिजनों के साथ रहते हैं। वे रविवार शाम तकरीबन साढ़े चार बजे किसी काम से परिवार के साथ गांव गए थे। उनके मकान में काम करने वाली व मोहल्ले के अन्य लोगों ने सोमवार सुबह में चोरी की जानकारी दी। इस पर वे घर पहुंचे तो मकान का ताला टूटा हुआ था और मकान में रखी 1.55 लाख रुपये, सोने की चार चेन, आठ जोड़ी कुंडल, पायल, बिछुए व 400 ग्राम से अधिक चांदी के आभूषण चोरी कर लिये गए थे। मनीष ने चोरी हुए सामान की कीमत लगभग दस लाख रुपये बताई है। वहीं, मोहल्लावासियों ने नाराजगी जताई कि पुलिस का ध्यान चोरों को पकड़ने पर बिल्कुल नहीं है। रात्रि गश्त के नाम पर पुलिस कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने चोरी की घटना का जल्द खुलासा किए जाने की मांग उठाई। उधर, सीओ हरीश भदौरिया ने बताया कि तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

बड़ौत में कोतवाली के पीछे पट्टी चौधरान में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।- फोटो : BARAUT