बागपत। कोरोना कर्फ्यू के दूसरे दिन भी बाजार, गली-मोहल्लों और मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोगों ने घरों में रहकर कोरोना कर्फ्यू का पालन किया। हाईवे पर वाहनों का आवागमन कम रहा। 50 फीसदी क्षमता के साथ परिवहन सेवा चालू रही। लोगों को परेशानी न हो इसके लिए मेडिकल स्टोर, सब्जी और फलों की दुकानें खुली रही। पुलिस ने नगर में भ्रमण कर लोगों को गाइड लाइन का पालन कराया।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए शासन ने शुक्रवार रात से मंगलवार सुबह तक कोरोना कर्फ्यू के आदेश जारी किए थे। रविवार को कोरोना कर्फ्यू के दूसरे दिन भी नगर में सन्नाटा पसरा रहा। नगर के बाजार बंद रहे और लोगों ने अपने घरों में कैद रहकर कोरोना कर्फ्यू का पालन किया। लोग जरूरत की चीजें खरीदने के लिए ही घरों से बाहर निकले। नगर के मुख्य मार्ग कोर्ट रोड, सिसाना मार्ग, ईदगाह, यमुना रोड, पांडव रोड व पुुराना कस्बा में लोगों का आवागमन कम रहा। मेरठ-बागपत हाईवे व दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर भी वाहनों की संख्या कम रही। हाईवे पर 50 फीसदी क्षमता के साथ परिवहन सेवा चालू रही। लॉकडाउन में आवश्यक सेवाएं जैसे माल वाहन, दूध वाहन, सब्जी और फल वाहनों के अलावा स्वास्थ्य सेवाएं, आकस्मिक सेवाओं को अपने-जाने की अनुमति रही। नगर के मुख्य मार्गों और चौराहों पर पुलिस ने भ्रमण कर लोगों को कोरोना कर्फ्यू का पालन कराया। नगर से लेकर देहात तक पुलिस मुस्तैद रही।