चौधरी साहब के किस्से: ...जब 24 घंटे में बनवा दी थी कई गांवों की सड़क, श्रीपाल के भजनों के कायल थे चरण सिंह
Bharat Ratna Award 2024 : पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का एलान हुआ तो उनसे जुड़े किस्से भी लोगों के दिलों में जाग उठे हैं। एक किस्सा ऐसा भी है, जब चौधरी साहब ने 24 घंटे में कई गांवों की सड़क बनवा दी थी।
विस्तार
केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का एलान किया तो उनसे जुड़े किस्से भी लोगों के दिलों में उतर आए हैं। चौधरी चरण सिंह से जुड़ा ये किस्सा भी बहुत दिलचस्प है, जब उन्होंने 24 घंटे में ही कई गांवों की सड़क बनवा दी थी।
अश्विनी तोमर बताते है कि उनके पिता अनंगपाल सिंह व चौधरी चरण सिंह के बीच बहुत स्नेह था। चौधरी अनंगपाल सिंह पूर्व सैनिक थे और चौधरी चरण सिंह देश के प्रधानमंत्री थे, लेकिन चौधरी चरण सिंह की सादगी थी कि वह दो बार उनके घर आए।
अश्विनी तोमर ने बताया कि अहैड़ा फाटक से हरचंदपुर तक रास्ता काफी बाधित था। उनके पिता व क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोगों के अनुरोध पर सुन्हैड़ा, बसी, बंदपुर होते हुए काठा तक जाने वाला रास्ता केवल 24 घंटे के आदेश पर सड़क बनवाकर चालू करवा दिया था। बागपत में हरियाणा-यूपी को जोड़ने के लिए यमुना नदी पर पुल, बागपत व बड़ौत में 30-30 बैड के अस्पताल समेत अन्य कार्य कराए थे।
महाशय श्रीपाल आर्य के भजनों के कायल थे चरण सिंह
किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह बागपत में जब भी आते थे तो वह खेड़ा हटाना के रहने वाले महाशय श्रीपाल आर्य के भजन जरूर सुनते थे। वह उनके भजनों क कायल थे और उनको अपने कार्यक्रमों व दिल्ली तक भजन सुनने के लिए बुलाते थे।
यह भी पढ़ें: जन्म से मृत्यु तक का सफर: चौधरी साहब ने देश में किए थे ये बड़े बदलाव, पढ़िए किसान मसीहा बनने की पूरी कहानी
उन्होंने चौधरी चरण सिंह के जीवन से जुड़े कई प्रसंगों पर भी भजन लिखे हैं। उनमें एक चर्चित भजन चौधरी चरण सिंह को इंदिरा गांधी से राजनीति मिलकर करने के प्रस्ताव को ठुकराने पर भी लिखा है। वह भजन भी काफी पसंद किया गया था।
यह भी पढ़ें: Bharat Ratna Award: जयंत ने लिखा- दिल जीत लिया, भाजपा में जाने के सवाल पर बोले- किस मुंह से इनकार करूं