Baghpat: थार गाड़ी पर जमकर पथराव, युवकों पर ईंटों से किया हमला, MLC धर्मेंद्र का भतीजा गंभीर रूप से घायल
Baghpat News : बागपत के अमीनगर सराय में थार गाड़ी पर जमकर पथराव किया गया। यही नहीं युवकों को गाड़ी से उतारकर ईंटों से हमला किया गया। बताया गया कि गंभीर रूप से घायल हुआ वरुण भाजपा एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज का भतीजा है।
विस्तार
बागपत के अमीनगर सराय में बुढ़सैनी रोड पर बाइक पर सवार होकर आए युवकों ने थार गाड़ी पर पथराव करके तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान गाड़ी में सवार युवकों को उतारकर ईंटों से हमला किया गया, जिससे एक युवक की हालत गंभीर है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कई युवकों को हिरासत में ले लिया। घायलों को एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज के परिवार के भाई व भतीजा बताया जा रहा है।
बरनावा गांव के रहने वाले एक चावल व्यापारी का बिलौचपुरा में चावलों के रुपयों के लेनदेन का विवाद था। उसके साथ ही मेरठ के वरुण भारद्वाज, सुधीर भारद्वाज व अन्य दो युवक थार गाड़ी में सवार होकर वहां गए थे। बिलौचपुरा में चावल खरीदने-बेचने का काम करने वाले एक परिवार के युवकों के साथ उनका विवाद हो गया। जिसके बाद बरनावा का चावल व्यापारी चला गया और अन्य चारों थार गाड़ी में सवार होकर अमीनगर सराय की तरफ आ गए।
बताया गया कि उनके पीछे बिलौचुपरा गांव से करीब पांच बाइकों पर सवार 10-12 युवक आए और एक बाइक को गाड़ी के आगे लगा दिया। आरोपियों ने ईंटों व पत्थरों से गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद गाड़ी में सवार युवकों पर भी ईंटों से हमला कर दिया, जिनमें से तीन युवक किसी तरह बचकर भाग गए। जबकि वरुण भारद्वाज को पकड़ लिया और उसको सड़क पर गिराकर ईंटों से हमला करके अधमरा कर दिया गया।
सूचना मिलने पर अमीनगर सराय चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और बिलौचपुरा के करीब पांच युवकों को हिरासत में लिया। वहीं, घायल वरुण को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इनमें घायल वरुण को भाजपा एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज के परिवार का भतीजा और सुधीर को परिवार का भाई बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: किसानों की महापंचायत: राकेश टिकैत बोले- सरकार ने दिल्ली जाने से रोका, हम 2024 में आने से रोकेंगे
इस बारे में सिंघावली अहीर थाने के कार्यवाहक प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि कई युवकों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Iqra Hassan Pics: लंदन में पढ़ाई, UP में लड़ेंगी MP का चुनाव, समझिए अखिलेश ने मुस्लिम चेहरे पर क्यों चला दांव?