हरियाणा के लिए दम दिखाएंगे संदीप तोमर
दिल्ली में दो से 19 जनवरी तक होने वाली प्रो कुश्ती लीग के लिए शुक्रवार को दिल्ली में ही विभिन्न टीमों ने पहलवानों की बोली लगाई। इसमें विदेशी खिलाड़ियों का जलवा रहा। वेस्ट यूपी में सिर्फ बागपत के पहलवान ही खरीदे गए। इनमें ओलंपियन संदीप तोमर को हरियाणा की टीम ने 31 लाख रुपये और कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में स्वर्ण जीत चुके पंकज राणा को पंजाब की टीम ने चार लाख रुपये में खरीदा है।
मलकपुर गांव के संदीप तोमर ने ओलंपिक के 57 किलो भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व किया था। दाहा गांव के पंकज राणा ने नेशनल में भी स्वर्ण जीता था। इन दोनों के अलावा अन्य पहलवान भी बोली में शामिल रहे, लेकिन इन्हें खरीदा नहीं गया।
लीग के एक्सपर्ट होंगे राजीव तोमर
कुश्ती लीग में मलकपुर गांव के अर्जुन अवार्डी पहलवान राजीव तोमर को एक्सपर्ट की भूमिका मिली है। वह तकनीकी कमेटी में शामिल रहेंगे। तोमर ने कहा कि जिले के दो पहलवानों का लीग में आना गर्व की बात है। लीग से खिलाडिय़ों को आगे बढ़ने और खुद को साबित करने का मौका मिलेगा।