Ram Mandir: बागपत के 300 मंदिरों में आज रामोत्सव, होगा रामचरित मानस पाठ और भंडारा
रामलला प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर बागपत जनपद के लोगों ने खास तैयारियां की हैं।पूरा शहर रोशनी में नहाया हुआ है। प्रसिद्ध पुरा महादेव पर बड़ा कार्यक्रम होगा तो पंचवटी मंदिरए गुफा वाले बाबाए जानकीदास समेत अन्य मंदिरों में भी कार्यक्रम होंगे। अधिकतर जगह सुबह को यज्ञ कराया जाएगा तो उसके बाद रामचरित मानस पाठ के साथ कीर्तन व भंडारे होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के साथ ही जिले में रामोत्सव की पूरी तैयारी हो गई है। यहां 300 से ज्यादा मंदिरों व अन्य जगहों पर रामोत्सव मनाया जाएगा। इसमें यज्ञ के साथ ही रामचरित मानस का पाठ होगा और भंडारों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए मंदिरों को सजा दिया गया है।
अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम सोमवार को होगा। उसके साथ ही जिले में जगह-जगह रामोत्सव मनाने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। पुरा के परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में सबसे बड़े कार्यक्रम का आयोजन होगा। जहां सुबह को यज्ञ से शुरुआत होगी और उसके बाद रामचरित मानस पाठ, कीर्तन, भंडारा होगा। इसके बाद करीब सवा लाख दीप जलाकर रामोत्सव मनाया जाएगा।
मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि मंदिर में सुबह से कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे और यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इस तरह ही बड़ौत के पंचवटी मंदिर, गुफा वाले बाबा मंदिर, लवकुश मंदिर, बाबा जानकीदास मंदिर, पक्का घाट मंदिर, हनुमान मंदिर मंदिर समेत अन्य मंदिरों में कार्यक्रम होंगे। मंदिरों के अलावा भी रामचरित मानस पाठ व भंडारों का आयोजन रखा गया है। वहीं हर किसी ने रामोत्सव मनाने के लिए शाम को दीप जलाने की तैयारी की हुई है।
रंग बिरंगी लाइटों से सजे मंदिर, फूलों की सजावट भी होगी
रामोत्सव मनाने के लिए सभी मंदिरों को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। वहीं कई जगह सरकारी भवनों को भी लाइटों से सजाया गया है। इसके साथ ही मंदिरों व अन्य प्रतिष्ठानों को लोगों ने फूलों से सजाने की तैयारी की है। इसके लिए फूल पहले ही बुक किए जा चुके हैं। दीप जलाने के लिए भी उनकी खूब खरीदारी की गई और इस तरह हर कोई पहले पूजा पाठ करने के साथ ही शाम को दीप जलाकर रामोत्सव मनाने की तैयारी कर चुका है।
आतिशबाजी भी होगी, पटाखों की बिक्री खूब हुई
रामोत्सव मनाने के लिए दिवाली की तरह पटाखे छोड़ने की तैयारी भी लोग कर चुके हैं। इसके लिए बाजारों से पटाखों की खरीदारी की गई और लोगों ने पहले ही स्टॉक जमा कर लिया है। बाजारों में ग्रीन पटाखे आए हुए हैं और इसको लेकर सख्ती भी नहीं की गई है।
ऐतिहासिक दिन में पूजा पाठ व उत्सव मनाना जरूरी
सभी मंदिरों में कार्यक्रमों की तैयारी चल रही है, जिसको लेकर बाबा जानकीदास मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित राजकुमार शास्त्री कहते हैं कि यह हर देशवासी के लिए ऐतिहासिक दिन है और इस ऐतिहासिक दिन में पूजा पाठ व उत्सव मनाना जरूरी है। जहां पहले सुबह व दोपहर में पूजा पाठ होगी। वहीं शाम को दीपावली की तरह उत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए मंदिरों में तैयारी कर ली गई है।