हाईवे पर रंगरूटों का तांडव
बड़ौत की ओर से आ रही मैजिक गाड़ी में पांच-छह रंगरूट प्रशिक्षण पर पुलिस लाइन जा रहे थे। मैजिक गौरीपुर गांव के पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो वहां वाहनों की लाइन लगी हुई थी। मैजिक चालक ने हॉर्न बजाकर कार चालक को साइड देने का इशारा किया, लेकिन कार चालक निवाड़ा गांव निवासी युवक भूरा साइड नहीं दे पाया।
इसी दौरान मैजिक गाड़ी में सवार रंगरूटों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू दी। खुद को पुलिसवाले बताते हुए उन्होंने रौब गालिब करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर रंगरूटों ने उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी और कार में तोड़फोड़ भी की। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहां काफी लोग इकट्ठे हो गए। रंगरूटों की दादागीरी से लोगों में हड़कंप मच गया।
इस दौरान रोड पर जाम भी लग गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह मामला शांत कराया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से घटना की शिकायत की है। एसएसआई लोकेंद्र शर्मा का कहना है कि रंगरूटों की कार चालक से मामूली कहासुनी हुई थी।