हत्या: ससुराल नहीं जा रही थी बहन, नाराज भाई ने सीने में गोली मारकर दी मौत, दो दिन पहले आया था जेल से बाहर
उत्तर प्रदेश के बागपत में बहन के ससुराल न जाने से नाराज भाई ने बड़ी बहन की गोली मारकर हत्या कर डाली। इसके बाद आरोपी खुद कोतवाली पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
विस्तार
सादिक ने घटना को उस समय अंजाम दिया, जब रीना मोहल्ले में अपनी दूसरी बहन आफसा के घर में बैठी थी। घर के अंदर रीना व आफसा बैठकर आपस में बात कर रही थी तो सादिक भी वहां पहुंच गया। वह उनके साथ बैठकर बात करने लगा। तभी आफसा रसोई में रोटी बनाने गई तो सादिक ने तमंचा निकालकर रीना को गोली मारकर हत्या कर दी।
उसने पुलिस को बताया कि उसकी बहन रीना का निकाह दो साल पहले लोनी के आजाद के साथ हुआ था। ससुराल में विवाद होने के कारण निकाह के एक साल बाद ही वह मायके आकर रहने लगी। जबकि वह उसे ससुराल जाकर रहने की बात कहता था और इसको लेकर झगड़ा भी होता था। पुलिस के अनुसार उसने बताया कि रीना फोन पर बात करती थी, जिससे वह उसके चरित्र पर शक भी करता था। इसलिए ही उसने हत्या कर दी।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि भाई ने बहन की हत्या की है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
चोरी के मामले में हरियाणा के करनाल जेल में बंद था सादिक
रीना के पिता हारून ने बताया कि सादिक चोरी के मुकदमे में हरियाणा की करनाल जेल में पिछले पांच महीने से बंद था। वह दो दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तमंचा बरामद कर लिया है।