नवजात को गली में फेंकने की आरोपी सास हिरासत में
बड़ौत के आवास विकास में रहने वाले ब्रह्मपाल ने बताया कि उसने अपनी बेटी निशा की शादी खत्री गढ़ी निवासी बड़ौत में रहने वाले एक युवक के साथ की थी। उसने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसकी बेटी के ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया था। आए दिन मारपीट की जाने लगी थी। उसके बाद उसकी बेटी ने एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची पैदा होते ही ससुराल वालों ने नवजात को गली में फेंक दिया था। इस मामले में एसपी के आदेश पर मामला दर्ज हुआ था। इसी को लेकर महिला थाने की पुलिस बड़ौत आई और कोतवाली पुलिस के साथ खत्री गढ़ी में दबिश दी तो वहां की महिलाओं ने पुलिस का विरोध किया। लेकिन, पुलिस पीड़ित महिला की सास संतोष को अपने साथ हिरासत में ले गई है। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि महिला पुलिस ने दबिश दी थी और वह एक आरोपी महिला को हिरासत में ले गई है।