यूपी: बदमाशों ने पुलिस को दी चुनौती, बंधन बैंक के कर्मचारियों से मारपीट कर लूटे 1.98 लाख रुपये, धमकी देकर फरार
Baghpat Crime News : बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। बदमाशों ने बंधन बैंक के कर्मचारियों से मारपीट कर 1.98 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद धमकी देकर फरार हो गए।
विस्तार
बागपत जनपद के रमाला में बाइक पर सवार चार लुटेरों ने बागपत और शामली बॉर्डर पर असारा गांव के पास 1.98 लाख रुपयों की लूट को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। कांधला में बंधन बैंक शाखा के दो कर्मचारी असारा गांव से रुपयों का कलेक्शन कर मंगलवार शाम के समय बाइक पर लौट रहे थे। पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
शामली जनपद के कांधला कस्बे स्थित बंधन बैंक शाखा का कर्मचारी विकास पुत्र सत्यपाल निवासी बुढ़ाना अपने दोस्त कुलदीप निवासी मुजफ्फरनगर के साथ मंगलवार शाम लगभग पांच बजे असारा गांव से बंधन बैंक शाखा का कलेक्शन कर बाइक से लौट रहा था। दोनों असारा-एलम के बीच पहुंचे तो पीछे से बाइक पर चार हथियार बंद लुटेरों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। इसके बाद 1.98 लाख रुपये लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक की चाबी निकालकर गन्ने के खेत में फेंक दी और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने राहगीरों से फोन लेकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। लूट की सूचना मिलने पर एसपी अर्पित विजयवर्गीय व सीओ सवि रत्न गौतम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित ने बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। उधर, ककड़ीपुर चौकी प्रभारी शिवकुमार का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है।
यह भी पढ़ें: यूपी: तन पर वर्दी पर मन खुश नहीं, दरोगा ने इस्तीफे में लिखी ऐसी बात, हर कोई हैरान, खूब चर्चा में है मामला
यह भी पढ़ें: मेरठ: पाकिस्तान से आई हूं, मुंबई जाना है; पासपोर्ट हो गया चोरी, एक कॉल से मचा हड़कंप, एलआईयू ने ऐसे की पहचान