Baghpat: फाइबर बॉक्स के गोदाम में भीषण आग, दो मजदूर झुलसे, दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
बागपत में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित फाइबर बॉक्स के गोदाम में सोमवार को अचानक आग लग गई। हादसे में दो मजदूर झुलस गए जिन्हें गंभीर हालत में रेफर किया गया है। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विस्तार
बागपज जनपद में दिल्ली–सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक फाइबर बॉक्स के गोदाम में सोमवार को अचानक आग लग गई। आग लगने की इस घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
केमिकल बोतल में भराई के दौरान हुआ धमाका
घटना के वक्त मजदूर इरशाद गोदाम में केमिकल की बोतल भरने का काम कर रहा था। इसी दौरान एक बोतल अचानक तेज धमाके के साथ फट गई। विस्फोट के बाद फैले केमिकल से आसपास रखे फाइबर बॉक्स धू-धूकर जलने लगे। लपटें कुछ ही मिनटों में तेजी से फैल गईं।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: उज्ज्वल राणा की मौत का मामला गरमाया, डीएवी कॉलेज बंद, गेट पर छात्रों का हंगामा
आग बुझाते समय झुलसे दोनों मजदूर
गोदाम में काम कर रहे दोनों मजदूरों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटों ने उन्हें भी अपनी चपेट में ले लिया। चीख-पुकार सुनकर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है, उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया नियंत्रण
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। लपटें तेज होने के कारण आग पर काबू पाने में समय लगा। दमकलकर्मियों ने गोदाम के अंदर धुआँ कम होते ही फायर लाइनें लगाईं और तीन फाइबर बॉक्स में लगी आग को बुझाया।
एसडीएम ने किया निरीक्षण, जांच के आदेश
सूचना पर एसडीएम अमरचंद वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोदाम परिसर का निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। एसडीएम ने फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारियों को आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।