भट्ठा मालिक को मारने की कोशिश
शाहदरा निवासी सुनील पुत्र महेंद्र ने बताया उनका सरूरपुर गांव में केबीएफ के नाम से ईंट भट्ठा है। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सरूरपुर गांव का एक व्यक्ति भट्ठे पर पहुंचा। आरोप है व्यक्ति उनसे एक लाख रुपये मांगने लगा। मना करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने जान बचाकर वहां खड़ी अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में बैठकर भागना चाहा, तभी आरोपी ने अपने ट्रैक्टर से उनकी कार में टक्कर मारी।
भट्ठे के मुनीम और अन्य लोगों ने हस्तक्षेप करके उन्हें कार से निकाला। इसके बाद भी आरोपी उनकी गाड़ी में टक्कर मारता रहा। इससे उनकी कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान आरोपी गाली-गलौज करता हुआ बोला हमारे बिना तुम कैसे भट्ठे को चला सकते हो। इस दौरान वहां पर काफी लोग एकत्र हो गए। लोगों को देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ अपना ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। उन्होंने कोतवाली में वारदात की तहरीर दी । कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा मामला रुपये के लेनदेन का है। मामले की जांच चल रही है।