कश्यप समाज ने हाईवे किया जाम
सुनीता कश्यप के नेतृत्व में कश्यप समाज के लोग मंगलवार को तहसील में पहुंचे और आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन कर धरना दिया। इस मौके पर सुनीता कश्यप ने कहा 2012 में जब चुनाव आए तो सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा यदि हमारी सरकार आई तो कश्यप समाज को आरक्षण दिलाया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सरकार बनने के बाद सपा को कभी कश्यप समाज की याद भी नहीं आई। वहीं बसपा तो चाहती ही नहीं कश्यप समाज को आरक्षण मिले।
उन्होंने कहा अब चुनाव का समय आ गया है या तो कश्यप समाज को न्याय मिलेगा नहीं तो कश्यप समाज आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा यदि समाज के लोगों को न्याय नहीं मिला तो समाज कुछ समय बाद अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा । धरने का संचालन करते दीपक कश्यप ने कहा सभी पार्टियों को कश्यप समाज की याद आती है और वह तरह-तरह के वादे करती है, लेकिन जब सरकार बन जाती है, वह अपने वादे भूल जाती है। इस अवसर पर रवि ने कहा यदि हमें न्याय नहीं मिला तो सड़कों पर उतरकर न्याय की लड़ाई लड़ी जाएगी। बाद में समाज के लोगों ने तहसील गेट के सामने दिल्ली-सहारनपुर यमुनौत्री मार्ग सांकेतिक रूप से जाम लगाया। इसमें रघुवीर सिंह, किरण सिंह, प्रदीप कश्यप, सुरेश कश्यप, सेवाराम, अतर सिंह, गौरव, महिपाल कश्यप आदि रहे।