बागपत: बुखार से कैसे लड़ें, स्वास्थ्य विभाग ने फॉगिंग कराने से खड़े किए हाथ
बागपत जिले में डेंगू और बुखार का कहर कम नहीं हो रहा है। जिला अस्पताल व सीएचसी में रोजाना 150 से अधिक बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरुचि शर्मा का कहना है कि मलेरिया विभाग के पास फॉगिंग मशीन और स्टाफ का अभाव है।
ऐसे में बुखार और डेंगू से कैसे लड़ा जाए।
विस्तार
बागपत जिले में डेंगू और बुखार का कहर कम नहीं हो रहा है। जिला अस्पताल व सीएचसी में रोजाना 150 से अधिक बुखार के मरीज पहुंच रहे है। अब तक जिले में 210 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। मलेरिया विभाग में संसाधन और स्टाफ का अभाव है। इसे देखते हुए डीएम की ओर से ग्राम प्रधानों को फॉगिंग मशीन खरीदने के निर्देश दिए गए है।
जिले में डेंगू के साथ वायरल बुखार लोगों को जकड़ रहा है। बुखार के मरीज बढ़ने से अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्थाएं बिगड़ रही है। ग्रामीण बीमारी से बचाव के लिए गांवों में फॉगिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव कर रहे है। संसाधनों के अभाव में जिले के सभी गांवों में फॉगिंग नहीं हो पा रही है।
यह भी पढ़ें: खबर का असर: बागपत में फैजपुर निनाना-नैथला से बिहारीपुर मार्ग का निर्माण शुरु, आधा दर्जन गांवों के लोगों को राहत
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरुचि शर्मा का कहना है कि मलेरिया विभाग के पास फॉगिंग मशीन और स्टाफ का अभाव है। इस कारण फॉगिंग का कार्य प्रभावित हो रहा है। डीएम के स्तर से ग्राम प्रधानों को फॉगिंग मशीन खरीदने के निर्देश दिए गए है और कुछ ग्राम पंचायतों ने मशीनें खरीद भी ली है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी गांवों में कैंप लगाकर लोगों की जांच की जा रही है। साथ ही फॉगिंग व एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।
एक सहायक कर्मचारी के सहारे गांवों में फॉगिंग
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ सुरुचि शर्मा ने बताया कि जिले में एक सहायक मलेरिया अधिकारी के अलावा एक सुपरवाइजर और एक सहायक तैनात है। विभाग के पास तीन फॉगिंग मशीन है, इनमें से दो मशीनें क्रियाशील है। एक सहायक कर्मचारी के सहारे गांवों में फॉगिंग कराई जा रही है। जिले में दो मलेरिया अधिकारी की पोस्ट रिक्त है।
शासन से होता है कीटनाशक का आवंटन
स्वास्थ्य विभाग को शासन स्तर से फॉगिंग व एंटीलार्वा का आवंटन शासन स्तर से होता है। शासन स्तर से विभाग के स्टोर में दवाई भिजवाई जाती है, जहां से विभाग को दवाई उपलब्ध कराई जाती है।
210 में पुष्टि, अस्पताल में मात्र एक भर्ती
जिले में अब तक 210 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। खुशखबर यह है कि इनमें से केवल एक मरीज अस्पताल में भर्ती है, जबकि अन्य सभी ठीक हो चुके हैं।
आजमपुर मुलसम में बुखार का प्रकोप
दोघट थानाक्षेत्र के आजमपुर मुलसम गांव में भी बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। गांव के लगभग 12 बच्चे और ग्रामीण बुखार से पीड़ित है। गांव के वंश, उदित, बिल्लू, अंकूर, मांगे, गोस्वामी बुखार से पीड़ित है। ग्रामीणों ने गांव में कैंप लगाकर जांच कराने की मांग की है।