फल विक्रेता के घर डकैती
अब्दुल रहीम उर्फ हकीम पुत्र अब्दुल मजीद बरनावा गांव का रहने वाला है। वह गांव में बस स्टैंड पर फल बेचने का काम करता है। रविवार की रात अब्दुल रहीम अपनी पत्नी नजीरन के साथ घर के बरामदे में सोए थे। रात में एक वाहन से आधा दर्जन सशस्त्र बदमाश कच्छा-बनियान पहनकर आए और उसकी बेटी चांदवी को हथियारों के बल पर उठाकर मकान की ऊपरी मंजिल पर ले गए।
वहां, फल विक्रेता का बेटा शहनवाज व उसकी पुत्रवधू सोए हुए थे। बदमाशों ने अलमारी में रखी पांच लाख की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत 15 लाख रुपये का सामान लूट लिया और पूरे परिवार को बांधकर डाल मुख्य द्वार की कुंडी बंद कर भाग गए। सुबह के समय परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो मुहल्ले के लोगों ने उन्हें बंधन मुक्त किया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अब्दुल रहीम ने बिनौली थाने पर इस संबंध में तहरीर दी है। पुलिस ने यह मामला चोरी की धाराओं में दर्ज किया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।