Baghpat News: टावर ठीक करने आए कर्मचारियों को बनाया बंधक, हाथापाई का प्रयास, मकान पर पथराव
Baghpat News : टावर ठीक करने आए कर्मचारियों को बंधक बना लिया गया। इस दौरान हाथापाई का भी प्रयास किया गया। इसके अलावा मकान पर पथराव भी किया।
विस्तार
बागपत जनपद में बड़ौत के पठानकोठ मौहल्ले में शुक्रवार की शाम को हंगामा हो गया। यहां खराब पड़े टावर को ठीक करने पहुंचे चार कर्मचारियों को मौहल्लेवासियों ने बंधक बना लिया। उनके साथ हाथापाई का प्रयास किया गया। विरोध करने पर भीड़ ने एक मकान में पथराव भी किया।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लाठी फटकारते हुए भीड़ को भगाकर मामला शांत कराया। इस मामले में पीड़ितों ने मौहल्ले में 10 से अधिक लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पठानकोठ मौहल्ले के रहने वाले ईशान के मकान की छत पर एक कंपनी का टावर लगा हुआ है, जो पिछले एक सप्ताह से खराब पड़ा हुआ है। ईशान ने फोन कर कंपनी को खराब पड़े टावर को ठीक करने की सूचना दी तो चार कर्मचारी शुक्रवार की शाम टावर को ठीक करने के लिए पहुंचे। इस सूचना पर मौहल्ले के काफी संख्या में महिला व पुरुष एकत्रित हो गए और टावर को हटाने की मांग करते हुए कर्मचारियों को बंधक बना लिया।
यह भी पढ़ें: Income Tax Raid: बसपा सांसद के ठिकानों पर 72 घंटों से कार्रवाई जारी, मिले कई अहम सुराग
मौहल्लेवासियों का आरोप है कि टावर से निकलने वाली किरणें बच्चों व गभर्वती महिलाओं के लिए घातक हैं, इससे हटाने के लिए तहसील व कंपनी के अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नही हो रही।
उधर, मकान मालिक ईशान का आरोप है कि कर्मचारियों को बंधन मुक्त करने की बात कहने पर मौहल्लेवासियों ने उनके मकान में पथराव किया और तोड़फोड़ भी की। वहीं मामला बढ़ता देख इंस्पेक्टर एनएस सिरोही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लाठी फटकारते हुए भीड़ को भगाकर मामला शांत किया।
यह भी पढ़ें: बच्ची का अपहरण: लखनऊ तक गूंजा मामला, शक के घेरे में पिता, मां का कलेजा चीर रही लाडली की चिंता
इस मामले में ईशान ने 10 से अधिक लोगों के खिलाफ मकान में घुसकर तोड़फोड़ व पथराव करने के संबंध में तहरीर दी। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।