जल्दी पैसा कमाने के लिए कर रहे थे लूट
सीओ रमाला राजवीर सिंह ने बताया कि बुधवार को छपरौली का नवाब पुत्र मीनू यमुना खादर से हरियाणा में पशु खरीदने जा रहा था। पल्सर बाइक पर दो बदमाश आए और उस पर तमंचे व चाकू तान दिए। नवाब में शोर मचाया तो खेतों में काम कर रहे ग्रामीण उधर दौड़े। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। इस पर बदमाश भागने लगे, लेकिन एक को बाइक डीएल 45 बीए 1539 के साथ दबोच लिया गया।
पकड़ा गया बदमाश 18 वर्षीय सचिन पुत्र सतीश धनकौशिया पट्टी छपरौली का रहने वाला है। उसके पास से चाकू मिला है। उसने भागते समय इलियास नामक व्यक्ति पर चाकू से प्रहार किया, जिससे वह घायल हो गया। उसने पुलिस को बताया कि उसका फरार साथी अंकित पुत्र विनोद निवासी छपरौली है। पुलिस ने बताया कि अंकित तमंचा लेकर भाग गया। सचिन कक्षा 11 का छात्र है। सचिन ने बताया कि वह जल्द पैसा कमाने के लिए अपराध की दुनिया में उतरा था, लेकिन पहले ही अपराध में पकड़ा गया।