Baghpat: भांजे पर कार्रवाई से गुस्साए प्रभारी मंत्री के गनर ने हेड कांस्टेबल को पीटा, वर्दी फाड़ी
Baghpat Crime news: बागपत में भांजे पर कार्रवाई से गुस्साए सिपाही अशोक उर्फ काला ने हेड कांस्टेबल आलोक कुमार पर हमला कर दिया। बताया गया कि हमलावर सिपही प्रभारी मंत्री का गनर है।
विस्तार
बागपत जनपद के काठा गांव में भांजे के खिलाफ मारपीट में कार्रवाई करने से गुस्साए सिपाही अशोक उर्फ काला ने हेड कांस्टेबल आलोक कुमार पर हमला कर दिया। हमलावर ने हेड कांस्टेबल की पिटाई कर वर्दी फाड़ दी और जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग गया।
इसमें हेड कांस्टेबल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल आलोक कुमार यादव ने बताया कि मंगलवार को वह हल्का प्रथम के काठा गांव में अनिल के घेर में बैठकर कुछ जानकारी जुटा रहा था। तभी एक युवक वहां आया और नाम पूछकर बातचीत करने लगा। तभी बाइक पर आए युवक ने अपने भांजे अंकित के खिलाफ मारपीट में कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने खेकड़ा कृषि विज्ञान केंद्र का किया निरीक्षण
इसके बाद युवक कहने लगा कि भांजे के खिलाफ कार्रवाई के बाद से वह हेड कांस्टेबल की तलाश कर रहा है। इस पर हेड कांस्टेबल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आलोक कुमार का आरोप है कि हमलावर ने उसकी वर्दी भी फाड़ दी। शोर सुनकर आसपास रहने वाले लोग वहां इकट्ठा हो गए तो हमलावर धमकी देता हुआ भाग गया। हेड कांस्टेबल ने बताया कि हमलावर अशोक उर्फ काला सहारनपुर में सिपाही है, जो वर्तमान में प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी का गनर बताया गया है।
इस मामले में कोतवाली पुलिस का कहना है कि हमलावर अशोक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।