अमीनगर सराय। कस्बे में फव्वारा चौक पर शुक्रवार शाम शाम दो सांड़ आपस में भिड़ गए, इससे वहां भगदड़ मच गई। लोगों ने दुकानों में घुसकर अपनी जान बचाई। सांड़ों ने रेहड़ी और दुकानों में तोड़फोड़ की। इस दौरान करीब आधा घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
फव्वारा चौक पर सांड़ों की भिड़ंत में सोनू और सलीम की मूंगफली की रेहड़ी टूट गई। इसके अलावा कई दुकानों के बाहर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। सांड़ों की भिड़ंत के दौरान लोग दुकानों में छिपे रहे। करीब आधा घंटा भिड़ंत के बाद सांड़ जंगल की तरफ भाग गए। इसके बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। कस्बा निवासी बबली, हरिशंकर प्रजापति, दिनेश, विरेंद्र, सोमदत्त, इमरान और योगेश आदि ने बताया कि इससे पहले भी कई बार सांड़ बाजार में उत्पात मचाकर नुकसान कर चुके हैं। कई बार मांग करने के बाद भी सांड़ नहीं पकड़वाए गए, इससे कभी भी हादसा हो सकता है। उन्होंने नगर पंचायत के अफसरों से सांड़ को पकड़वाने की मांग की।