Baghpat: साइबर थाने में धारा बदलने का खेल, इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मी हटे, एसपी की बड़ी कार्रवाई
बागपत में साइबर ठगी के मामलों में कथित अनियमितताओं पर एसपी सूरज कुमार राय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर थाने के इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मियों को हटा दिया। मामले की जांच सीओ साइबर को सौंपी गई है।
विस्तार
बागपत में साइबर ठगी के मामलों में कथित अनियमितताओं को लेकर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाने के इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई सहारनपुर के देवबंद से पकड़े गए तीन लोगों में से दो को बिना कार्रवाई के छोड़े जाने और मामले में कथित रूप से धाराएं बदलने की शिकायत के बाद की गई।
देवबंद से तीन लोगों को पकड़ने के बाद शुरू हुई जांच
जानकारी के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले साइबर थाना पुलिस सहारनपुर जिले के देवबंद से तीन लोगों को पकड़कर बागपत लाई थी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि अपराध शाखा ने तीन लोगों को पकड़ा है। गोपनीय जांच में सामने आया कि कार्रवाई अपराध शाखा ने नहीं, बल्कि साइबर थाना पुलिस ने की थी।
जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े गए तीन लोगों में से एक को नोटिस देकर छोड़ दिया गया, जबकि दो अन्य को बिना किसी कार्रवाई के जाने दिया गया।
धारा बदलने के आरोप भी आए सामने
पुलिस अधीक्षक की प्रारंभिक जांच में कथित रूप से यह भी सामने आया कि कुछ मामलों में धाराओं में बदलाव कर नोटिस देकर लोगों को छोड़ा गया। पुलिस अधीक्षक को ऐसे कई अन्य मामलों की भी जानकारी मिली, जिनमें इसी तरह की प्रक्रिया अपनाई गई थी।
इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मियों का तबादला
मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाने के इंस्पेक्टर (अपराध शाखा) राजेंद्र खोड़ा को अपराध शाखा भेज दिया गया। इसके अलावा उपनिरीक्षक उमेश कुमार सिंह को बालैनी थाना, उपनिरीक्षक नरेशपाल सिंह को दोघट थाना, मुख्य आरक्षी धीरज राठौड़ को बड़ौत कोतवाली, आरक्षी देवेश कसाना को दोघट तथा आरक्षी कविता को रमाला थाना स्थानांतरित किया गया।
सीओ साइबर को सौंपी गई जांच
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि पूरे मामले की जांच सीओ साइबर को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।