MahaShivratri: पुरामहादेव मंदिर में उमड़ा केसरिया सैलाब, 10 बजे तक 15 लाख से अधिक कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक
बागपत के पुरामहादेव मंदिर में शिवरात्रि पर कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 10 बजे तक 15 लाख से अधिक कांवड़िये जलाभिषेक कर चुके थे। चारों ओर केसरिया रंग और हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल शिवमय नजर आया। डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज कुमार राय मंदिर में कैंप कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
विस्तार
बालैनी स्थित ऐतिहासिक पुरामहादेव मंदिर में श्रावणी मेले के तीसरे दिन शिवरात्रि पर कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के कांवड़ मार्गों पर दूर-दूर तक शिवभक्तों की कतार नजर आई। जिधर देखो उधर केसरिया रंग दिखाई दे रहा था और हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे थे।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़िए लंबी कतारों में लगकर भगवान आशुतोष के जलाभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। कई घंटे इंतजार के बाद शिवभक्त मंदिर में पहुंचकर गंगाजल अर्पित कर रहे हैं।
मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा के अनुसार मंगलवार सुबह 10 बजे तक 15 लाख से अधिक कांवड़िये भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर चुके थे। इसके बावजूद मंदिर परिसर में कांवड़ियों की भीड़ कम नहीं हुई। लाखों शिवभक्त अब भी लाइन में लगे हुए थे और अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। शिवरात्रि के अवसर पर कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ती रही। मंदिर परिसर के साथ आसपास के मार्ग भी शिवभक्तों से भरे नजर आए।
मंदिर में मंगलवार सुबह 3 बजकर 54 मिनट पर झंडापूजन शुरू हुआ। करीब एक घंटे तक चले पूजन के बाद सुबह 4 बजकर 54 मिनट पर झंडारोहण किया गया। इसके बाद चतुर्दशी का मुख्य जलाभिषेक शुरू हुआ। चतुर्दशी लगते ही लाइन में लगे कांवड़ियों ने भगवान आशुतोष पर गंगाजल चढ़ाना शुरू कर दिया। इसके साथ ही मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला तेज हो गया।
यह भी पढ़ें: Meerut: तेज बारिश में जल्दी-जल्दी हुआ जलाभिषेक, औघड़नाथ मंदिर में 10 बजे ही खत्म हुई कांवड़ियों की लाइन
कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंदिर और आसपास के कांवड़ मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था संभाल रहे हैं।
बागपत के पुरा महादेव मंदिर में बारिश के बीच भी कांवड़ियों का जलाभिषेक लगातार जारी है। भारी बारिश के बावजूद पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालने में जुटे हैं। एसपी सूरज कुमार राय और एएसपी प्रवीण कुमार समेत पुलिस अधिकारी बारिश में मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.