UP: सिपाही ने घर में घुसकर की फायरिंग, महिलाओं के साथ मारपीट, अब समझौते का दबाव बना रहा आरोपी पक्ष
Baghpat News : यूपी पुलिस के सिपाही ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर फायरिंग की। बताया गया कि सिपाही ने घर में घुसकर पहले फायरिंग की और फिर महिलाओं के साथ मारपीट भी की।
विस्तार
बागपत जनपद में बड़ौत के अलावलपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर नोएडा में तैनात यूपी पुलिस के सिपाही ने अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ घर में घुसकर फायरिंग कर दी। विरोध करने पर दो महिलाओं के साथ मारपीट भी की। आरोपी पक्ष समझौते का दबाव बना रहा है। सोशल मीडिया पर भी मारपीट के फोटो और वीडियो वायरल हो रहे हैं।
निरंकार पुत्र बलीराम निवासी अलावलपुर ने तहरीर देते हुए बताया कि गांव के ही अशोक और सतवीर से कई साल से उसकी रंजिश चल रही है। जिसके मुकदमे अदालत में विचाराधीन है। 26 अप्रैल की शाम वह अपने खेत में गेहूं की कटाई करने गया था। घर पर पत्नी मालती, पुत्रवधू सुनीता व दो छोटे बच्चे थे।
उसी दौरान अशोक, सतवीर, अजय निवासी अलावलपुर और अशोक का भांजा मोहित (यूपी पुलिस में सिपाही) घर में घुस गए और तमंचे से हवाई फायरिंग कर दी। उसकी पत्नी, पुत्रवधू व बच्चे डर के कारण बाहर को भागे। हमलावरों ने उसकी पत्नी और पुत्रवधू के साथ मारपीट की। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग पहुंचे तो जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: Meerut: अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा हूं..., लाखों के कर्ज में डूबे कपड़ा कारोबारी ने की खुदकुशी
सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि निरंकार पुत्र बलीराम की तहरीर पर मोहित निवासी काठा, अशोक, सतवीर, अजय निवासी अलावलपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: Meerut: चाची-भतीजे की मौत का मामला, परिवार ने दी आत्मदाह की चेतावनी कहा-चाचा बोले- दो लोगों की हुई हत्या
उधर, पीड़ित का आरोप है कि परिवार के लोगों पर जानलेवा हमला हुआ है, लेकिन पुलिस ने आरोपी सिपाही के दबाव में आकर मामला मामूली धाराओं में दर्ज किया है।