Baghpat: शख्स के घर से निकले सैकड़ों सांप, चार दिन तक चला रेस्क्यू, गिनते-गिनते थक गए परिजन
उत्तर प्रदेश के बागपत में एक व्यक्ति के घर में इतने सांप निकले कि चार दिन तक सांपों को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा। वहीं सैकड़ों सांप निकलने से परिवार में दहशत का माहाैल है।
विस्तार
बागपत जनपद के रटौल थानाक्षेत्र में लहचौड़ा गांव में एक मकान के शौचालय में पाइप के नीचे से 100 से अधिक सांप निकाले गए। जिन्हें पकड़ने के लिए चार दिन तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। वहां से पकड़े गए सांपों को कई डिब्बों में बंद करने के बाद जंगल में छोड़ दिया गया।
लहचौड़ा गांव में रहने वाले रियाजुद्दीन ने बताया कि चार दिन पहले उसके परिवार वाले घर में बैठकर खाना खा रहे थे। तभी बच्चों को सांप के दो बच्चे फर्श पर रेंगते हुए नजर आए। जिसे देखते ही परिवार के लोग भयभीत हो गए और किसी तरह सांप के दोनों बच्चों को पकड़वाकर जंगल में छुड़वाया। इसके बाद शौचालय के पाइप से सांप के कई बच्चे बाहर निकलते हुए दिखाई दिए।
पाइप तोड़कर निकालने पड़े सांप
इसके बाद गांव के ही सांप पकड़ने वाले अब्दुल करीम को बुलाया और पाइप तोड़कर सांप के बच्चों को बाहर निकालकर डिब्बे में बंद कर जंगल में छोड़ा। लगातार चार दिन तक चलाए गए रेस्क्यू अभियान में 100 से अधिक सांपों को पकड़कर जंगल में छोड़ा गया। वहां इतने ज्यादा सांप देखने के लिए रोजाना आसपास के काफी लोग एकत्र हो जाते थे। वहीं सभी सांप पकड़े जाने के बाद रियाजुद्दीन के परिवार ने राहत की सांस ली।
अब्दुल करीम ने खुद खून चूसकर निकाला जहर
सांप पकड़ने के दौरान अब्दुल करीम के हाथ में सांप ने डस लिया। बताया कि वह सांप काफी छोटा होने के कारण जहर तेजी से नहीं फैला। उसने पहले पानी चलवाकर हाथ धोया और फिर खुद खून चूसकर अपने हाथ से जहर निकाला। इसके साथ ही दवाई भी ली।
करैत प्रजाति के हैं सांप
अब्दुल करीम ने बताया कि पकड़े गए सांप करैत प्रजाति के हैं जो ज्यादातर नमी में रहना पसंद करते हैं। शौचालय के पाइप में नमी होने के कारण सांप ने वहीं पर अंडे दे दिए होंगे।