बागपत में मुठभेड़: सटीक सूचना पर दबोचे गए तीन बदमाश, इस बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे थे आरोपी
बागपत में मुठभेड़ : सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोच लिया। बताया गया कि ये बदमाश बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे थे।
विस्तार
बागपत में जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के घर लूट करने जा रहे तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दो बदमाश लुहारी गांव के रहने वाले हैं, तो एक मुजफ्फरनगर के औली माजरा गांव का बदमाश है। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक पिस्टल, तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद की।
एसपी नीरज कुमार जादौन के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए बागपत आ रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर बागपत कोतवाली पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। लक्ष्य पब्लिक स्कूल के पास पुलिस टीम की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। जिसमें मुजफ्फरनगर के औली माजरा गांव का बदमाश राहुल, लुहारी गांव के गौरव व शुभम को गिरफ्तार किया।
एसपी के अनुसार पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विजयपाल तोमर के घर में लूट की साजिश रची थी। उनको कचहरी परिसर से पता चला था कि किसी जगह से पूर्व अध्यक्ष के घर करोड़ों रुपये आए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: सिपाही के घर में लगी आग, पत्नी झुलसी और एक लाख का सामान जलकर राख, देखें मौके का हाल
राहुल के खिलाफ दर्ज हैं 14 मुकदमे
गिरफ्तार किए गए बदमाशों में राहुल निवासी औली माजरा काफी शातिर है। जिसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती समेत 14 मुकदमे दर्ज हैं। जो कचहरी में आता रहता है और वहीं से उसे जिला बार के पूर्व अध्यक्ष के घर में करोड़ों रुपये आने की जानकारी मिली थी। उसने लुहारी गांव के गौरव और शुभम को लेकर साजिश रची।
यह भी पढ़ें: मेरठ दीपक हत्याकांड: शाहबाज-इमरान के खिलाफ बड़ा एक्शन, पुलिस ने ढोल बजवाकर चस्पा किए कुर्की के नोटिस
मुझे नहीं पता कौन है यह बदमाश: विजयपाल तोमर
जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विजयपाल तोमर का कहना है कि मुझे पता नहीं कि बदमाश कौन है और उन्होंने क्यों लूटपाट की साजिश रची। मैं साधारण वकील हूं और मेरे पास पैसा भी नहीं है। न ही मेरी किसी से कोई रंजिश है। मुझे पुलिस से ही पता चला कि कुछ बदमाश मेरे घर में लूटपाट करने आ रहे थे।