बागपत: विभागीय योजनाओं में लापरवाही, आदेशों की अनदेखी पर बिनौली बीईओ निलंबित
विभागीय योजनाओं को समय से लागू नहीं कराने और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अनदेखी के आरोप में बिनौली के खंड शिक्षा अधिकारी बृज मोहन सिंह को निलंबित किया गया है। मामले की जांच डायट मेरठ के प्राचार्य करेंगे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बड़ौत में विभागीय योजनाओं को समय से लागू नहीं कराने और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अनदेखी के आरोप में बिनौली के खंड शिक्षा अधिकारी बृज मोहन सिंह को निलंबित कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) मनोज कुमार द्विवेदी ने निलंबन की कार्रवाई की है।
जिम्मेदारी नहीं निभाने का भी आरोप
जांच में बृज मोहन सिंह पर उच्चाधिकारियों के आदेशों का पालन नहीं करने और अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाने की बात सामने आई है। विभागीय योजनाओं को समय से लागू नहीं कराने के साथ मनमाने तरीके से काम करने और अनुशासन का पालन नहीं करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें: सूर्य किरण एयर शो आज से: जमीन से आसमान तक कड़ा सुरक्षा पहरा, ड्रोन पर रोक; भारी वाहनों का रूट डायवर्ट
विभागीय कार्रवाई शुरू
निलंबन के साथ ही बृज मोहन सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। मामले की जांच के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मेरठ के प्राचार्य को जांच अधिकारी बनाया गया है।
निलंबन अवधि में मंडलीय कार्यालय से जुड़े रहेंगे
निलंबन अवधि में बृज मोहन सिंह मंडलीय सहायक निदेशक (बेसिक), मेरठ मंडल के कार्यालय से जुड़े रहेंगे। विभागीय जांच के दौरान मामले से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।
बीईओ ने निलंबन को बताया गलत
बृज मोहन सिंह ने अपने पक्ष में कहा कि विद्याज्ञान, इंस्पायर अवार्ड सहित अन्य विभागीय योजनाओं में बिनौली ब्लॉक दूसरे ब्लॉकों से काफी आगे है। उनके अनुसार, नियमानुसार विभागीय योजनाओं को समय पर लागू किया गया। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद बिना वजह आदेशों की अनदेखी और विभागीय योजनाओं में लापरवाही का आरोप लगाकर उन्हें निलंबित किया गया है, जो गलत है।