बागपत: जमानत पर बाहर आए युवक को दिनदहाड़े गोलियों से भूना, एक के बाद एक छह गोलियां मारीं
दोस्त की हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आए युवक की बागपत में एक के बाद छह गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी 4 सितंबर 2022 को गांव के ही सन्नी हत्याकांड में जेल गया था। एसपी व एएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विस्तार
बड़ौत में वाजिदपुर गांव में हत्या के मामले जमानत पर आए आरोपी युवक की बुधवार को दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हत्यारे दो बाइकों पर सवार थे और हत्या के बाद हथियार लहराते हुए वहां से भाग गए थे। सूचना पर एसपी व एएसपी समेत अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।
हाल ही में धीरज जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि बुधवार को तकरीबन तीन बजे गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर 3 के पास दो बाइकों पर सवार चार-पांच युवकों ने एक के बाद एक छह गोलिया मारकर धीरज को मौत के घाट उतार दिया।
हमलावरों के जाने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण वहां पर पहुंचे तो मृतक युवक की पहचान धीरज उर्फ छोला के रूप में की। धीरज को छह गोली लगी हुई थीं, पांच गोली कमर व एक गोली सिर पर लगी थी।
सूचना पर इंस्पेक्टर संजय कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, वहीं घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अर्पित विजयविर्गीय, एएसपी एनपी सिंह व सीओ सविरत्न गौतम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल इस मामले मेें कोई तहरीर नहीं आई है। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि अभी पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है।