बड़ौत। बड़ौत मैडिसिटी अस्पताल में बृहस्पतिवार को ढाई घंटे के सफल आपरेशन के बाद किरठल गांव निवासी युवक के पेट में घुसे सरिया को निकाला गया। सरिया घुसने से युवक का लीवर भी डैमेज हो गया था, उसको भी रिपेयर किया गया। फिलहाल युवक बिल्कुल स्वस्थ बताया गया है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को किरठल गांव निवासी मीर हसन उर्फ मीरा का बेटा काला गांव में ही किसी काम से साइकिल पर जा रहा था। तभी उसकी साइकिल फिसल गई। साइकिल के फिसलने से गली में निकले निर्माणाधीन मकान के पिलर के सरिया उसके आर पार निकल गए थे। चीख पुकार सुनकर दौडे़ ग्रामीणों ने सरिये निकालने का प्रयास किया, लेकिन सरिया नहीं निकल पाए। बाद मेें मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पिलर से सरियों को काटकर बड़ौत के मैडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया । बृहस्पतिवार को अस्पताल के निर्देशक डॉ. मनीष तोमर व उनकी टीम ने ढाई घंटे के सफल आपरेशन के बाद उसके पेट से सरिया निकाले। डॉ. मनीष तोमर ने बताया कि सरिया से युवक का लीवर बुरी तरह से डैमेज हो गया था, उसको भी रिपेयर किया गया। फिलहाल युवक बिल्कुल स्वस्थ है। इस पर युवक के परिजनों ने खुशी मनाई और चिकित्सक के कार्य की प्रशंसा की।