बड़ौत (बागपत)। बड़ौत से बागपत जा रही रोडवेज बस मेें परिचालक द्वारा दिव्यांग के साथ गाली-गलौच करने व बस से नीचे फेंकने के प्रयास के विरोध मेें बुधवार को स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने बड़ौत डिपो मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और बाद में एआरएम का घेराव कर आरोपी परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को स्वदेशी जागरण मंच के जिलाध्यक्ष मनु शर्मा और सह संयोजक संदीप बड़ौली के संयुक्त नेतृत्व में काफी संख्या में कार्यकर्ता बड़ौत डिपो कार्यालय पर पहुंचे और हंगामा कर एआरएम योगेंद्र पाल का घेराव किया। मनु शर्मा ने बताया कि मंगलवार को नगर निवासी दिव्यांग सन्नी बड़ौत से काठा गांव में किसी काम के लिए बड़ौत डिपो की बस में चले थे। इस दौरान परिचालक ने दिव्यांग सन्नी से टिकट लेने के लिए कहा तो सन्नी ने दिव्यांग का प्रमाणपत्र दिखाया, लेकिन परिचालक ने उसे नहीं माना और उसके साथ गाली गलौच शुरू करते हुए सन्नी को बस से नीचे फेंकने का प्रयास किया। यात्रियों ने किसी तरह सन्नी को बचाया। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। एआरएम योगेंद्र पाल ने उन्हें आश्वासन देकर लौटा दिया। घेराव करने वालों में सिद्धार्थ स्वामी, संदीप बड़ौली, मनीष, बंटी प्रमुख, दीपू, वरुण सिसौदिया, विनायक, भरत, सचिन वत्स, दीपक बामनौली शामिल रहे।