UP Crime: मूर्ति विसर्जन में आए युवक की चाकू गोदकर हत्या, लहुलूहान छोड़ भागे मनबढ़; तीन लोग गिरफ्तार
यूपी के आजमगढ़ जिले में मूर्ति विसर्जन में आये युवक की चाकू मार हत्या कर दी गई। मामूली कहासुनी में विवाद इतना बढ़ गया था मनबढ़ों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल को अस्पताल लाया गया, यहां उसकी माैत हो गई।
विस्तार
Azamgarh News: आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव के रहने वाले 25 वर्षीय युवक देवेंद्र चौहान की नागपुर (महाराष्ट्र) में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह दर्दनाक घटना दो अक्टूबर को दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई, जब एक मामूली कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया। शनिवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही एंबुलेंस से शव गांव पहुंचा, पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र चौहान पुत्र अजय चौहान नागपुर में रहकर एल्युमिनियम का काम करता था। वह करीब 20 दिन पहले पासपोर्ट बनवाने के सिलसिले में घर आया था और इसके बाद वापस नागपुर चला गया था।
मची चीख-पुकार
दो अक्टूबर को वह सड़क किनारे खड़े होकर दुर्गा पूजा का विसर्जन देख रहा था, तभी तीन युवकों से मामूली धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बात बढ़ गई और एक युवक ने चाकू से उस पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर देवेंद्र के मित्र दुर्गेश चौहान निवासी खरहटी, गंभीरपुर ने नागपुर पुलिस में तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।
शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे जब देवेंद्र का शव गांव पहुंचा, तो पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां बिंदु चौहान समेत परिजन बेसुध हो गए। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। देवेंद्र परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था।