निजामाबाद। कस्बा स्थित राहुल पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में रविवार को बाबू केदारनाथ जन सेवा संस्थान के तत्वावधान में विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें कई जनपदों के पहलवानों ने भाग लेकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आजमगढ़ के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
मुख्य अतिथि कांग्रेस के प्रदेश संगठन सचिव अनिल यादव और विशिष्ट अतिथि ब्लाक प्रमुख मिर्जापुर बलवंत यादव व लल्लन कुमार प्रदेश मीडिया प्रभारी रहे। प्रतियोगिता में आजमगढ़, गाजीपुर, बनारस, गोरखपुर, मऊ, जौनपुर, फैजाबाद के पहलवानों ने भाग लिया। 105 जोड़ी पहलवानों ने कुश्ती के दांव पेंच दिखाए। जिसमें सबसे ज्यादा कुश्ती में भाग लेकर आजमगढ़ के पहलवानों ने बाजी मारी। कार्यक्रम का संचालन श्रीराम यादव पहलवान, प्रेम शंकर तिवारी पहलवान ने संयुक्त रूप से किया। पुरुष कुश्ती के साथ ही महिलाओं की भी कुश्ती कराई गई। आजमगढ़ के रमाकांत व वाराणसी के राकेश के बीच हुई कुश्ती में रमाकांत विजयी घोषित हुए। रजनीश अरैया और बृजेश सेंटरवा के बीच हुई कुश्ती में बृजेश आजमगढ़ ने बाजी मारी। मोनू यादव भैरव बाबा के साथ सुरेंद्र गोरखपुर की कुश्ती कराई गई। जिसमें गोरखपुर के सुरेंद्र ने बाजी मारी। कई जोड़ों की कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। कार्यक्रम का समापन ब्लाक प्रमुख इसरार अहमद ने किया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमा यादव, विश्वास यादव, मदन लाल यादव ,साधु यादव पूर्व ब्लाक प्रमुख, चंद्रिका यादव आदि उपस्थित थे।