बूढनपुर विकासखंड कोयलसा के शेखपूरा के ग्रामीणों ने ब्लॉक कोयलसा के परिसर में मनरेगा की मजदूरी नहीं मिलने से जेई व खंड विकास अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मनरेगा मजदूरों ने बताया कि मनरेगा के तहत गांव की पोखरी की खुदाई में 15 दिन से अधिक मनरेगा मजदूरों ने कार्य किया है लेकिन पांच दिनों का ही भुगतान मिला है। लगभग 15 दिन से अधिक कार्य किए हो चुका है लेकिन भुगतान नहीं हुआ। भुगतान के लिए हम लोग कई बार ग्राम प्रधान से लेकर संबंधित अधिकारियों तक गुहार लगा चुके हैं लेकिन हम लोगों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही मजदूरों का भुगतान नहीं किया गया तो ब्लॉक परिसर में ताला जड़ने को मजबूर होंगे। 40 मजदूरों द्वारा मनरेगा योजना के तहत पोखरी की खुदाई कराई गई थी। जिसमें सभी मजदूरों ने 15 से 20 दिन कार्य किया। ग्राम प्रधान के लापरवाही के चलते मजदूरों को उनकी मजदूरी नहीं मिल पाई। मजदूरों ने प्रदर्शन के बाद बीडीओ श्वेतांक सिंह को ज्ञापन सौंपा। खंड विकास अधिकारी ने मनरेगा मजदूरों को आश्वासन देते शीघ्र ही भुगतान कराए जाने की बात कही। प्रदर्शन में अनीता, सावित्री, महावीर, रेखा, गीता, प्राणदेई, किरण, सुनीता, अजय सिंह, सुषमा, कुसुम, महेंद्र, रेनू, सतरानी सहित अनेक मनरेगा मजदूर शामिल रहे।