UP: तड़पती रही महिला, डॉक्टर देते रहे आश्वासन, निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद मौत, नहीं किया रेफर; हंगामा
Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में ऑपरेशन के बाद महिला की माैत हो गई। निजी अस्पताल के डाॅक्टर परिजनों को आश्वासन देते रहे। परिजनों ने बताया कि कहने के बावजूद यहां के डाॅक्टर महिला को रेफर नहीं कर रहे थे।
विस्तार
फूलपुर कस्बा स्थित स्टेट बैंक के सामने एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद रविवार को एक महिला की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के चलते उनके रिश्तेदार की जान गई। मौत की सूचना पर परिजनों ने अस्पताल के सामने हंगामा किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, मृतका माधुरी देवी (41) पत्नी संदीप, निवासी जगदीशपुर, कोतवाली फूलपुर की रहने वाली थी। महिला को पित्त की पथरी की शिकायत थी और शनिवार को उन्हें फूलपुर देहात स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मृतका के देवर प्रदीप विश्वकर्मा ने बताया कि पित्त की पथरी का ऑपरेशन करने के लिए माधुरी को भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। हमने डॉक्टर से बार-बार कहा कि हालत गंभीर लग रही है, मरीज को रेफर कर दें, लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऑपरेशन सामान्य है और कोई खतरा नहीं है।
परिजनों में मचा कोहराम
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान ही हालत बिगड़ने लगी, लेकिन डॉक्टरों ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। रविवार सुबह जब महिला की मौत की सूचना दी गई, तो परिजन भड़क उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे।
सूचना मिलते ही कोतवाल सच्चिदानंद और हल्का दरोगा डीके त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस दौरान गांव के संभ्रांत लोगों की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया। मृतका का पति रोजी रोटी के सिलसिले में बंगलौर रहता है। उसे भी सूचना दे दी गई है। इस बाबत, कोतवाल ने बताया कि मामले को शांत करा दिया गया है। परिजनों की सहमति पर शव को उन्हें सौंप दिया गया है।