Azamgarh News: जालसाजी कर खाते से पैसा ट्रांसफर करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, धन दोगुना करने के नाम पर करते थे ठगी
जालसाजी कर लोगों के खातों से फर्जी खातों में पैसा ट्रांसफर कर निकाल लेने वाले गिरोह के तीन शातिरों को आजमगढ़ पुलिस व यूपी एसटीएफ ने लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
जालसाजी कर लोगों के खातों से फर्जी खातों में पैसा ट्रांसफर कर निकाल लेने वाले गिरोह के तीन शातिरों को आजमगढ़ पुलिस व यूपी एसटीएफ ने लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया। तीनों को महराजगंज थाने पर लाकर उनका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।
यूपी एसटीएफ को लगातार इस बात की सूचना मिली रही थी कि महराजगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले कुछ लोग जालसाजी कर लोगों के खाते से पैसा ट्रांसफर कर निकाल लेते हैं। इसके लिए गिरोह के लोगों द्वारा जालसाजी कर प्राप्त की गई आईडी से मुंबई में बैंक की शाखाओं में खाता खोला जाता था। इन्हीं खातों में दूसरों के खाते से पैसा ट्रांसफर किया जाता था और फिर उसे निकाल लिया जाता था।
पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी
यूपी एसटीएफ की सूचना पर महराजगंज थाना पुलिस भी इन लोगों की तलाश में जुटी थी। लखनऊ में इनके होने का लोकेशन मिला तो यूपी एसटीएफ की टीम के साथ ही महराजगंज थाने के एसआई हमराहियों के साथ लखनऊ पहुंच गए। जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार पर खड़ी एक सफेद रंग की कार के पास जब पुलिस पहुंची तो उसमें सवार तीन लोग उतर कर भागने लगे।
घेराबंदी कर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम गनेश मौर्या निवासी प्रतापपुर थाना महराजगंज, प्रदीप मौर्या निवासी रामपुर थाना महराजगंज व आशीष श्रीवास्तव उसुरकुंडवा थाना महराजगंज बताया। मौके से पुलिस ने एक कार के अलावा सात अदद सफेद कागज में पैक गड्डी जिसमें आगे-पीछे 100-100 के नोट लगे थे, चार मोबाइल, 6740 रुपये नकद, पैन कार्ड, आधार कार्ड व विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड आदि बरामद किया। बुधवार को पुलिस इन्हें लखनऊ से लेकर महराजगंज थाने पहुंची और संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
सीधे-साधे लोगों को बनाते थे शिकार
आजमगढ़ एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि उक्त गिरोह में शामिल लोग रुपये दो गुना करने और नकली नोट के नाम पर ठगते थे। सीधे-साधे लोगों को पैसों का लालच देकर मुंबई ले जाते थे और उनकी फर्जी आईडी बनवा कर वहीं किसी बैंक में खाता खुलवा देते थे। इसके बाद दूसरों के खाते से पैसा इन्हीं फर्जी खातों में ट्रांसफर कर निकल लेते थे। एसपी ने बताया कि अभी यूपी एसटीएफ की टीम इस मामले में विवेचना कर रही है। कुछ और लोगों के नाम भी इस मामले में सामने आ सकते है।