जहानागज। देश की आन बान और शान पर कुर्बान होने वाले तुलसीपुर ग्राम निवासी अमर शहीद कृष्ण कुमार सिंह की 29वीं पुण्यतिथि मवेशी खाना पर स्थित अमर शहीद पार्क में मंगलवार को मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि सांसद दिनेश लाल यादव के साथ शहीद के भाई विजय कुमार सिंह भक्कू, ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, अरविंद जायसवाल, स्वतंत्र सिंह मुन्ना, प्रमुख रमेश कन्नोजिया, देवेंद्र सिंह, नान्हू बाबा आदि के साथ शहीद के परिजनों ने शहीद की मूर्ति पर श्रद्घा सुमन अर्पित किया। माहौल उस समय गमगीन हो गया जब शहीद की पत्नी माया सिंह और एकलौते बेटे ने माल्यार्पण किया और माया सिंह फफक कर रो पड़ी। सांसद दिनेश लाल यादव निरहुवा ने कहा कि देश की आन बान शान के लिए कुर्बान होने शहीद कभी मरते नहीं हैं बल्कि वह इतिहास के पन्नों में अमर हो जाते हैं। देश के प्रति समर्पण की भावना कृष्ण कुमार को अपने परिवार से मिली। कृष्ण कुमार के पिता कैप्टन देवराज सिंह के सीने पर वीरता के कई मैडल लगे हुए थे। जिससे प्रेरणा लेकर पुत्र ने देश के लिए जीवन का सर्वोच्च बलिदान देकर पिता से भी आगे निकल कर पूरे क्षेत्र का मस्तक गर्व से ऊंचा किया। उस मां और पिता को मैं सलाम करता हूं जिन्होंने ऐसे जांबाज लाल को पैदा किया। वह मिट्टी धन्य है जहां कृष्ण कुमार का जन्म हुआ। विशिष्ट अतिथि एमएलसी विक्रांत सिंह रिशू ने कहा कि इस मिट्टी और यहां के लोगों को मैं नमन करता हूं जहां ऐसे वीर सपूत ने जन्म लिया। कार्यक्रम के शुरू में अमर शहीद केके सिंह पब्लिक स्कूल के बच्चों ने ध्वजारोहण पर बैंड बाजा बजा कर राष्ट्रगान प्रस्तुत करके सब को मुग्ध कर दिया।