आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के काशीपुर चरौवा गांव के पंचायत भवन में मिली युवती की अधजली लाश का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के चार दिन बाद भी पुलिस जहां मृत युवती की शिनाख्त नहीं कर सकी है, वहीं उसे जलाने वालों का भी पता नहीं लगा सकी है। जल्द ही शिनाख्त व आरोपियों के धरपकड़ का हवा-हवाई दावा किया जा रहा है।
बीते मंगलवार की सुबह कप्तानगंज थाना क्षेत्र के काशीपुर चरौवा गांव के बच्चे बकरियां चराने गांव के बाहर बने पंचायत भवन के पास गये थे। पंचायत भवन निष्प्रयोज्य था, जिसके चलते उसके आसपास झाड़-झंखाड़ उग आये थे। कुछ बच्चों ने पंचायत भवन में युवती की अधजली लाश देखी तो ग्रामीणों को इसके बारे में बताया। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर हाल लिया। घंटों युवती के शिनाख्त का प्रयास हुआ लेकिन पहचान नहीं हो सकी। शिनाख्त के इंतजार में दो दिनों तक पुलिस ने पीएम नहीं कराया। शुक्रवार को दो डॉक्टरों के पैनल ने पीएम किया। जिसमें युवती को तेजाब से जलाए जाने की पुष्टि हुई। दुष्कर्म की पुष्टि न होने के चलते वेजाइना जांच के लिए भेज दिया गया। पीएम करने वाले डॉक्टरों के पैनल में डॉ. गोपाल प्रसाद व डॉ. मनोज शामिल रहे।