घर से भागी लड़की ने मांगी सुरक्षा: युवती ने प्रेमी से की शादी, वीडियो जारी कर परिजनों पर लगाए आरोप
आजमगढ़ जिले के एक गांव से युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई। जिस पर युवती के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, और एक युवक को नामजद कराया था। जिसके बाद युवती ने प्रेमी से शादी करके एक वीडियो साझा कर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में घर से फरार हुई एक युवती ने वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती ने वीडियो में परिजनों पर इच्छा के विरूद्ध शादी करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार वह अपने प्रेमी के साथ है, और बहुत खुश है।
मामला बरदह थाना क्षेत्र का है। पुलिस को भेजे गए वीडियो में युवती ने बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती है, जबकि परिजन उसकी शादी उसकी मर्जी के खिलाफ कहीं और करना चाहते हैं। परिजनों के दबाव बनाने पर वह अपने प्रेमी के संग घर से निकल गई, साथ ही उसके संग शादी कर रह रही है।
युवती के अनुसार, उसके इस कदम से परिवार के सदस्य काफी आक्रोशित हैं, इस दौरान कभी भी कोई अप्रिय घटना घटित कर सकते हैं। इसके तहत मुझे, मेरे पति और ससुराल पक्ष को नुकसान पहुंचा सकते हैं। यदि मेरे और मेरे ससुराल वालों के साथ कोई घटना होती है तो इसके जिम्मेदार मेरे पिता, भाई व परिवार के अन्य लोग होंगे।
वहीं युवती के परिजनों ने लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें हरिश्चंद्रपुर निवासी दीपक पुत्र राममूरत को नामजद किया गया है।